राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच केरल में मानसून ने दस्तक दे दी है. हालांकि कहां जा रहा था कि 31 मई को केरल में मानसून आएगा, लेकिन पूर्वानुमान से पूर्व ही मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है. बता दें कि हर वर्ष 1 जून को केरल में मानसून आता है, जबकि इस बार दो दिन पूर्व यानी 30 मई को ही मानसून ने केरल को भिगोना शुरू कर दिया है.
मानसून अब धीरे-धीरे पूर्वोत्तर राज्यों की ओर बढ़ रहा है. बता दें कि बीते दिन दिल्ली एनसीआर में थोड़ी देर झमझमाकर बारिश हुई थी, लेकिन इसका असर कुछ खास नजर नहीं आ रहा. दिल्ली में बुधवार को तापमान 52 डिग्री के पार चला गया था.
जल्द मानसून आने की वजह?
मौसम विभाग ने कहा कि रविवार को पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश से गुजरे चक्रवात रेमल ने मानसून को बंगाल की खाड़ी की ओर खींच लिया है, जो पूर्वोत्तर में मानसून जल्दी आने का एक कारण माना जा रहा है. विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले कुछ दिन से केरल में भारी बारिश हो रही है, जिसके फलस्वरूप मई में सामान्य से अधिक बारिश हुई है.
बता दें कि पूर्वोत्तर राज्यों (त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मेघालय, मिजोरम, मणिपुर और असम) में मानसून के आने की सामान्य तारीख 5 जून है. इसी बीच उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां बनती जा रही हैं. इसके बाद यहां झमाझम बारिश देखने को मिल सकती है.
वहीं 1- 3 जून को मॉनसून के तमिलनाडू और दक्षिण कर्नाटक के भीतरी हिस्से में पहुंचने की संभावना है. धीरे धीरे मानसून दक्षिण के राज्यों से आगे बढ़ते हुए उत्तर भारत में पहुंचेगा. उत्तर भारत के तमाम राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश, दिल्ली और बिहार जैसे राज्यों में मानसून आगमन से बारिश होगी.
2 जून को UP में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार मानसून के आगमन के साथ ही यूपी में भी बारिश और तेज हवाओं के चलने के अनुमान लगाए जा रहे हैं. 31 मई को पश्चिमी यूपी में लू चलने के आसार हैं. हालांकि इस तपती गर्मी से बहुत जल्द छुटकारा मिलता हुआ दिखाई पड़ रहा है. अनुमान है कि एक और दो जून को उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो सकती है.