नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश के प्रकासम जिले में 57 वर्षीय एक महिला ने कथित तौर पर अपने बेटे की हत्या कर दी और अपने रिश्तेदारों की मदद से उसके शरीर को पांच टुकड़ों में काट दिया. इतना ही नहीं पांच टुकड़ों में काटने के बाद उसके शव को नहर में फेंक दिया. पुलिस ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी है. प्रकासम के पुलिस अधीक्षक ए आर दामोदर ने कहा कि के लक्ष्मी देवी ने कथित तौर पर अपने 35 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी और उसके शरीर को पांच टुकड़ों में काटकर नहर में फेंक दिया.
मृतक श्याम प्रसाद एक क्लीनर के रूप में काम करता था उसकी 13 फरवरी को हत्या कर दी. महिला के रिश्तेदारों पर भी अपराध में सहायता करने का आरोप है. एसपी दामोदर ने मीडिया को बताया है कि महिला अपने बेटे के विकृत और अनुचित व्यवहार से तंग आकर यह कदम उठाया. पुलिस ने कहा कि श्याम प्रसाद ने बेंगलुरु के खम्मम और हैदराबाद में अपनी चाचियों और अन्य रिश्तेदारों के साथ अनुचित व्यवहार किया था. उसने कथित तौर पर हैदराबाद और नरसरावपेटा में अपनी मौसी के साथ बलात्कार का प्रयास भी किया था.
जांचकर्ताओं का मानना है कि उसकी हत्या एक कुल्हाड़ी या किसी अन्य तेज धार वाले हथियार से की गई थी. हत्या के बाद उसके शरीर को पांच टुकड़ों में काट दिया गया, तीन थैलों में पैक किया गया और कुंभम गांव में नकालागंडी नहर में फेंक दिया गया. आरोपी वर्तमान में फरार हैं और पुलिस ने बीएनएस धारा 103(1) और 238 के तहत मामला दर्ज किया है और सभी आरोपियों की तलाश कर रही है.
पुलिस जांच में पता चला है कि मृतक श्याम बेंगलुरु रिश्तेदारी में गया था, जहां उसने कई महिलाओं के साथ गलत हरकत की थी. वहीं जब वह हैदराबाद में था तो अपनी मौसी के साथ ही रेप करने की कोशिश की. रिश्तेदारों के अलावा उसने अन्य कई महिलाओं से भी छेड़छाड़ की थी. दावा किया जा रहा है कि बेटे की इन्हीं हरकतों से आजीज होकर लक्ष्मी देवी ने उसकी हत्या की प्लानिंग रची और 13 फरवरी को अपनी बहन के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद किसी धारदार हथियार से उसके शरीर के पांच टुकड़े किए और टुकड़े को तीन बोरियों में भरकर नहर में फेंक दिया.