केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां माधवी राजे सिंधिया का बुधवार सुबह दिल्ली के एम्स में निधन हो गया है. मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उनकी सुबह 9.28 बजे मृत्यु हो गई और वह पिछले कुछ दिनों से वेंटिलेटर पर थीं. उनका पिछले तीन महीने से प्रमुख अस्पताल में इलाज चल रहा था और वह निमोनिया के साथ-साथ सेप्सिस से भी पीड़ित थीं. यह खबर अपडेट की जा रही है.
माधवी राजे सिंधिया के निधन के बाद प्रदेश सहित पूरे देश में शोक की लहर फैल गई है. उनके निधन पर मुख्यमंत्री मोहन यादव, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है. उनका अंतिम संस्कार ग्वालियर में कल यानी 16 मई को शाम 4 से 5 बजे के आसपास होगा.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की पूज्य माता माधवी राजे सिंधिया जी के निधन का हृदय विदारक समाचार प्राप्त हुआ.
मां जीवन का आधार होती हैं, इनका जाना जीवन की अपूरणीय क्षति है. बाबा महाकाल से दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं. ॐ शांति.