NSG कमांडोज के साथ नजर आए धोनी, बंदूक थामकर पूछा- ''फिट लग रहा हूं ना''

Amanat Ansari 18 May 2026 06:43: PM 1 Mins
NSG कमांडोज के साथ नजर आए धोनी, बंदूक थामकर पूछा- ''फिट लग रहा हूं ना''

चेन्नई: एमएस धोनी एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार क्रिकेट मैदान के बाहर. इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में अब तक एक भी मैच नहीं खेलने वाले धोनी अचानक नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) के रीजनल हब पहुंच गए. वहां धोनी ने कमांडोज के साथ समय बिताया, हथियारों से शूटिंग प्रैक्टिस की और अपनी फिटनेस को लेकर एक ऐसा मजेदार सवाल पूछ लिया कि पूरे माहौल में हंसी छा गई. खुद की तरफ इशारा करते हुए धोनी ने कमांडोज से पूछा, ''फिट लग रहा हूं ना?''

यह सुनकर जवान मुस्कुरा पड़े. यह पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. ब्लैक टी-शर्ट और डेनिम जींस में नजर आए धोनी ने कमांडोज के साथ फिटनेस, मुश्किल ट्रेनिंग और शूटिंग तकनीकों पर लंबी चर्चा भी की. धोनी का भारतीय सेना के प्रति लगाव जाना-पहचाना है. साल 2011 में उन्हें भारतीय प्रादेशिक सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल का मानद खिताब दिया गया था.

IPL में हो सकता है धोनी का आगमन

यह दौरा ऐसे समय पर हुआ है जब आज चेपॉक स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स का IPL 2026 का आखिरी होम मैच सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेला जाना है. धोनी सीजन की शुरुआत में कैफ स्ट्रेन की चोट के कारण अब तक नहीं खेल सके हैं. लेकिन NSG हब वाले वीडियो को देखकर फैंस में उम्मीद जाग गई है कि थाला आज पीली जर्सी में उतरकर अपने घरेलू मैदान पर विदाई दे सकते हैं. रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि धोनी पिछले 2-3 मैचों से खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और आज SRH के खिलाफ उनका खेलना संभव है.

साल 2021 में धोनी ने कहा था- ''मेरा आखिरी T20 मैच चेन्नई में ही होगा.'' आज ठीक 5 साल बाद CSK चेपॉक में अपना आखिरी होम मैच खेल रही है. संन्यास का औपचारिक ऐलान भले ही न हुआ हो, लेकिन चेपॉक में आज भावुक विदाई का माहौल बनता दिख रहा है. फैंस अब बस यही उम्मीद कर रहे हैं कि थाला मैदान पर उतरकर अपने वादे को पूरा करें.

Chennai Super Kings CSK vs SRH Dhoni Shooting Practice Dhoni Viral Video

Recent News