कोलकाता : पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के शिवपुर बमबाजी और फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-6 ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में शमीम अहमद अब्दुल रशीद (40), जमील अख्तर अली (43) और अफताब अनवर खुर्शीद अनवर (44) शामिल हैं। तीनों आरोपी वारदात के बाद मुंबई के देवनार इलाके में छिपकर रह रहे थे.
मुंबई पुलिस को हावड़ा पुलिस से इनपुट मिला था कि शिवपुर हिंसा के आरोपी मुंबई में अपनी पहचान छिपाकर रह रहे हैं. इसके बाद क्राइम ब्रांच की यूनिट-6 ने गुप्त सूचना के आधार पर देवनार स्थित एकता एसआरए बिल्डिंग में जाल बिछाकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने शिवपुर में बमबाजी और फायरिंग की घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है. जांच में यह भी सामने आया कि तीनों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है.
इसी बीच सोमवार को पश्चिम बंगाल पुलिस ने मुख्य आरोपी शमीम अहमद की सड़क पर परेड कराई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तजिंदर सिंह बग्गा ने वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि शमीम अहमद पर शिवपुर में हिंसा भड़काने, बमबाजी कराने और भाजपा समर्थकों पर फायरिंग कराने का आरोप है. उन्होंने लिखा कि बंगाल बदल रहा है.
वीडियो में पुलिस शमीम अहमद को सार्वजनिक रूप से सड़क पर घुमाती नजर आ रही है, जबकि आसपास मौजूद लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देते दिखाई दे रहे हैं. इस कार्रवाई के बाद शिवपुर हिंसा मामले की जांच और तेज होने की संभावना जताई जा रही है.