पाकिस्तान के बहकावे पर गाजियाबाद का जायद बना रहा था भारत में अशांति का गेम प्लान, गिरफ्तार

Amanat Ansari 26 May 2026 01:27: AM 1 Mins
पाकिस्तान के बहकावे पर गाजियाबाद का जायद बना रहा था भारत में अशांति का गेम प्लान, गिरफ्तार

नई दिल्ली: पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर शहजाद भट्टी के इशारे पर भारत में दंगे-उपद्रव और कट्टरपंथ फैलाने की एक बड़ी साजिश तेलंगाना पुलिस ने नाकाम कर दी है. इस साजिश में यूपी के गाजियाबाद का रहने वाला जायद खान मुख्य भूमिका निभा रहा था.

पुलिस के अनुसार, जायद खान फरवरी में नौकरी की तलाश में हैदराबाद गया था और वहां एक होटल में काम कर रहा था. वह पाकिस्तान के शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी आबिद जट्ट के संपर्क में था. आरोप है कि जायद को छोटे स्तर पर तोड़-फोड़, भड़काऊ पोस्टर लगाने और कट्टरपंथी प्रचार फैलाने का काम सौंपा गया था.

कैसे पकड़ा गया?

पुलिस ने कई हफ्तों से जायद की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखी हुई थी. सोमवार को मेडचल पुलिस स्टेशन में उसे गिरफ्तार कर लिया गया. उसके पास से एक नकली पिस्तौल भी बरामद हुई है. पुलिस अब उसके मोबाइल, व्हाट्सएप चैट, इंस्टाग्राम और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है.

जायद सक्रिय रूप से कट्टरपंथी सोशल मीडिया अकाउंट्स को फॉलो कर रहा था और पाकिस्तान की आईएसआई समर्थित हैंडलर्स से संपर्क बनाने की कोशिश कर रहा था. शहजाद भट्टी दुबई से भी अपने नेटवर्क को चलाता है और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को भर्ती व भारत विरोधी प्रचार करता है. उसका नाम हाल में सामने आए "तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (TTH)" संगठन से भी जुड़ा बताया जा रहा है.

पुलिस ने जायद खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 (देश के खिलाफ साजिश) और 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया है. उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. यह गिरफ्तारी देशभर में पाकिस्तान समर्थित कट्टरपंथी नेटवर्क के खिलाफ चल रही बड़ी कार्रवाई का हिस्सा बताई जा रही है. सुरक्षा एजेंसियां जायद के पूरे नेटवर्क और संपर्कों की छानबीन कर रही हैं.

Ghaziabad News Ghaziabad Crime Ghaziabad terrorist arrested

Recent News