कोलकाता: पश्चिम बंगाल में उत्तर प्रदेश की तर्ज पर अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज हो गया है. इस क्रम में आसनसोल के बर्नपुर इलाके में टीएमसी के एक पार्षद का पार्टी दफ्तर बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया.
यह दफ्तर बर्नपुर के न्यूटाउन क्षेत्र में वार्ड नंबर 75 में स्थित था और एसएआईएल (SAIL-ISP) की सरकारी जमीन पर कथित तौर पर अवैध रूप से बनाया गया था. SAIL अधिकारियों ने कई बार नोटिस देने के बावजूद जब दफ्तर नहीं हटाया गया, तब पुलिस और स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में बुलडोजर कार्रवाई की गई.
पिछले एक हफ्ते में कई TMC दफ्तर गिरे
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बर्नपुर इलाके में पिछले सात दिनों में आधा दर्जन से ज्यादा टीएमसी पार्टी कार्यालयों को इसी तरह गिराया जा चुका है. सभी दफ्तर एसएआईएल की जमीन पर बने बताए जा रहे हैं. टीएमसी पार्षद कंचन मुखर्जी ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्होंने स्थानीय लोगों की सेवा के लिए यह दफ्तर बनवाया था.
उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें दफ्तर खाली करने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया. सोमवार शाम को नोटिस मिलने के बाद मंगलवार सुबह ही बुलडोजर पहुंच गया. इस मामले पर बीजेपी नेताओं ने कहा कि अब कानून का राज कायम हो रहा है.
सरकारी या सार्वजनिक संस्थानों की जमीन पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को हटाया जाएगा. यह कार्रवाई शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली राज्य बीजेपी की ओर से अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख को दिखाती है.