चूरू SP ऑफिस में अपहरण की सनसनीखेज घटना, देखती रह गई पुलिस

Amanat Ansari 25 May 2026 08:49: PM 1 Mins
चूरू SP ऑफिस में अपहरण की सनसनीखेज घटना, देखती रह गई पुलिस

Churu SP Office: राजस्थान के चूरू जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. जिला मुख्यालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय से ही एक 19 वर्षीय युवती का अपहरण कर लिया गया. युवती अपने प्रेमी के साथ शादी के बाद परिवार के डर से सुरक्षा मांगने SP ऑफिस पहुंची थी. दोनों परिवादी कक्ष में बैठे हुए थे, तभी कुछ लोगों ने अचानक आकर युवती को जबरन उठाकर अपनी गाड़ी में ठूंस लिया और फरार हो गए. प्रेमी को भी उठाने की कोशिश की गई, लेकिन वह किसी तरह बच निकला.

यह घटना सोमवार दोपहर करीब 1 बजे हुई. उस समय SP ऑफिस में हड़कंप मच गया. एडिशनल एसपी सुनील कुमार मौजूद थे, लेकिन एसपी स्वयं वहां नहीं थे. पूरी घटना इतनी तेजी से घटी कि मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले अपहरणकर्ता वहां से गायब हो चुके थे.

युवक का नाम कृष्ण कुमार है. वह चूरू जिले के तारानगर थाना क्षेत्र के झाड़सर गांव का रहने वाला है और जयपुर में ट्रांसपोर्ट का काम करता है. युवती बीकानेर जिले की है, लेकिन बचपन से चूरू जिले के सहजूसर गांव में ननिहाल में रह रही थी. दोनों ने शादी कर ली थी, लेकिन परिवार के विरोध के कारण सुरक्षा की गुहार लगाने SP ऑफिस आए थे.

अभी तक अपहरणकर्ताओं की पहचान नहीं हो पाई है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि वे युवती के ही परिजन हो सकते हैं. पुलिस युवती और अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन अभी कोई ठोस सुराग नहीं मिला है. हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद भी अभी तक किसी ने FIR दर्ज नहीं कराई है.

चूरू SP ऑफिस में लव मैरिज और लिव-इन रिलेशन के मामले अक्सर आते रहते हैं, जहां कपल परिवार से सुरक्षा मांगते हैं. लेकिन SP ऑफिस जैसे सुरक्षित जगह से ही युवती का अपहरण होना पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है.

Churu Crime News Churu Kidnapping Churu SP Office Churu Police

Recent News