नई दिल्ली: कोचीन के कोंथुरुथी इलाके में शनिवार सुबह एक घर के आंगन में प्लास्टिक की बोरी में लिपटी एक महिला की लाश मिली. पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी जॉर्ज केके (स्थानीय निवासी) को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के मुताबिक, जॉर्ज ने शुक्रवार रात थेवारा के साउथ गर्ल्स हाईस्कूल के पास से उस महिला को (जो देह व्यापार से जुड़ी थी) अपने घर लाया था. पैसे को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ. गुस्से में आकर जॉर्ज ने लोहे की रॉड से महिला के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. कोचीन SP सिबी टॉम ने बताया, ''पूछताछ में जॉर्ज ने अपना गुनाह कबूल कर लिया.
उसने बताया कि लाश को घर से बाहर फेंकने के लिए खींच रहा था, लेकिन थकान और शराब के नशे में खुद ही वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा. लाश ठिकाने लगाने से पहले ही वह कामयाब नहीं हो सका.'' इससे पहले उसने पड़ोसियों से मदद मांगी थी और झूठ बोला था कि ''यह उसके पालतू जानवर का शव है''.
लाश सबसे पहले हरिता कर्म सेना (स्वच्छता दल) के स्वयंसेवकों ने देखी. उन्होंने वार्ड पार्षद को सूचना दी, पार्षद ने तुरंत पुलिस को खबर की. घर के अंदर खून के धब्बे मिले, जिससे साफ हो गया कि हत्या यहीं हुई है.
मृतका की पहचान अभी पूरी तरह नहीं हो पाई है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह पलक्कड़ जिले की रहने वाली थी. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. आरोपी जॉर्ज को रिमांड पर लिया गया है.