UP Crime News: मुजफ्फरनगर जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक डॉक्टर पर पड़ोस की युवती के साथ विश्वास का दुरुपयोग कर यौन शोषण और लंबे समय तक ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगा है. यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र की बताई जा रही है.
पीड़िता, जो 21 वर्ष की है और एक गरीब परिवार से ताल्लुक रखती है, का दावा है कि लगभग दो साल पहले आरोपी डॉक्टर सुलेमान और उनकी पत्नी ने उसे अपनापन दिखाते हुए अपने घर में घरेलू काम के लिए रख लिया. आर्थिक तंगी के कारण परिवार ने इसे स्वीकार कर लिया.
पीड़िता के अनुसार, एक दिन अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी तो डॉक्टर ने इलाज के बहाने उसे बेहोशी का इंजेक्शन दिया. होश आने पर उसने पाया कि उसके साथ गलत हरकत की गई है और आरोपी ने मोबाइल में पूरी घटना का आपत्तिजनक वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया था.
जब उसने विरोध जताया तो आरोपी ने वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकियां देकर उसे डराया-धमकाया. इसी खौफ में वह लगभग 14 महीनों तक लगातार शोषण झेलती रही.
मामला तब उजागर हुआ जब पीड़िता ने हिम्मत करके अपने पिता को सारी बात बताई. पिता उसे लेकर 6 मार्च को थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई. पीड़िता का कहना है कि पुलिस ने आरोपी को थोड़ी देर हिरासत में लिया लेकिन जल्द ही छोड़ दिया और कोई सख्त कदम नहीं उठाया.
निराशा में पीड़िता ने अपनी आपबीती का एक वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसमें उसने आत्महत्या की आशंका जताई और पुलिस-प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाया. वीडियो के तेजी से वायरल होने पर मामला सुर्खियों में आ गया और प्रशासन हरकत में आया.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इसकी गंभीरता को देखते हुए जांच एसपी क्राइम को सौंपी है. एक विशेष टीम बनाई गई है, जो पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि तथ्यों की पड़ताल के बाद उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.