नांदेड़: शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार को जानलेवा हमला हो गया. महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर के बाहरी इलाके में स्थित माता साहिब गुरुद्वारे के पास एक निहंग सिख ने कृपाण से उन पर हमला किया. इस हमले में सुखबीर सिंह बादल के बाएं हाथ में चोट आई है.
उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिस अधिकारी भी घायल हो गए हैं. बादल को इलाज के लिए एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया है. जानकारी के अनुसार, सुखबीर सिंह बादल परिवार के साथ गुरुद्वारा माता साहिब कौर में माथा टेकने गए थे. इसी दौरान निहंग सिख ने उन पर हमला बोल दिया.
हमले के पीछे की वजह अभी साफ नहीं है. पुलिस ने हमलावर की तलाश शुरू कर दी है. इससे पहले सुबह बादल ने अपने परिवार के साथ तख्त श्री पटना साहिब के दर्शन किए थे. उनकी चोटों की आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट अभी उपलब्ध नहीं है.