कोलकाता : पश्चिम बंगाल के नार्थ 24 परगना जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब 100 से अधिक बांग्लादेशी नागरिक हाकिमपुर चेक पोस्ट पर एकत्र हो गए। इन लोगों के बारे में दावा किया जा रहा है कि वे राज्य के विभिन्न हिस्सों में अवैध रूप से रह रहे थे और अब वापस बांग्लादेश लौटने के लिए सीमा क्षेत्र में पहुंचे हैं. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में पश्चिम बंगाल में अवैध प्रवासियों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म है. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने हाल ही में बयान देते हुए कहा था कि राज्य में रह रहे बिना दस्तावेज वाले बांग्लादेशियों की पहचान कर उन्हें पुलिस के हवाले किया जाना चाहिए, उनके इस बयान के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी गतिविधियां तेज हो गई हैं.
बताया जा रहा है कि हाकिमपुर चेक पोस्ट पर मौजूद लोगों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है. सीमा सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से सत्यापन अभियान चला रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कौन लोग वैध दस्तावेजों के साथ रह रहे थे और कौन अवैध तरीके से राज्य में मौजूद थे.
इस घटना के बाद राज्य की राजनीति में भी हलचल बढ़ गई है. विपक्षी दल जहां इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़ रहे हैं, वहीं सत्तारूढ़ दल इस मुद्दे पर सावधानी से प्रतिक्रिया दे रहा है.