बिहार के सीतामढ़ी में कुख्यात अपराधी की सरेआम हत्या, बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

Amanat Ansari 04 Jan 2026 03:12: PM 1 Mins
बिहार के सीतामढ़ी में कुख्यात अपराधी की सरेआम हत्या, बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

नई दिल्ली: सीतामढ़ी जिले के डुमरा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक बड़ी वारदात हुई. यहां भीसा लक्ष्मी चौक पर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने कुख्यात अपराधी रामबाबू राय पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना शाम करीब 4:30 से 5 बजे के बीच हुई, जब रामबाबू कोर्ट से लौटकर घर जा रहे थे और चौक पर रुककर किसी से बात कर रहे थे.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सफेद अपाचे बाइक पर आए तीन बदमाशों ने अचानक गोली चलानी शुरू कर दी. गोली लगते ही रामबाबू जमीन पर गिर पड़े. स्थानीय लोग उन्हें फौरन अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. फायरिंग के बाद हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए एनएच-22 की ओर भाग निकले, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दुकानें बंद हो गईं.

पुलिस के अनुसार, रामबाबू राय का लंबा क्रिमिनल रिकॉर्ड था. उसके खिलाफ हत्या, लूट, अपहरण समेत कई थानों में दर्जनों मुकदमे दर्ज थे. वह प्रॉपर्टी डीलिंग भी करता था और लंबे समय से पुलिस की नजर में था.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सबूत जुटाए. सीतामढ़ी एसपी अमित रंजन ने घटना की तस्दीक की और कहा कि जांच सभी कोणों से की जा रही है, जिसमें पुरानी रंजिश या गैंगवार की आशंका भी शामिल है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास के इलाकों में छापेमारी चल रही है.

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव है और पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा कर दी है. परिवार वाले गमगीन हैं और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि अपराधियों को जल्द पकड़ा जाएगा.

Sitamarhi Sitamarhi crime Sitamarhi murder Sitamarhi police

Recent News