लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को सख्त नसीहत दी है. राजभर ने कहा कि ओवैसी जब उत्तर प्रदेश आएं तो अपने नेताओं को इतिहास और तथ्यों की सही जानकारी दे दें.
उन्होंने एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली पर निशाना साधते हुए कहा, ''अपनी हैसियत के हिसाब से बात करें.'' विवाद की शुरुआत शौकत अली के उस बयान से हुई, जिसमें उन्होंने महाराजा सुहेलदेव के अस्तित्व पर ही सवाल उठाते हुए कहा था कि वे उन्हें राजा नहीं मानते.
शौकत अली ने दावा किया था कि अगर सुहेलदेव राजा होते तो उनके किले या अन्य प्रमाण मिलते. राजभर ने एक्स पर लिखा कि बहराइच की धरती महाराजा सुहेलदेव के शौर्य और विदेशी आक्रमणकारियों के खिलाफ संघर्ष की साक्षी है.
उन्होंने साफ कहा कि सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए और किसी भी ऐतिहासिक नायक पर टिप्पणी से पहले तथ्यों और जनभावनाओं का सम्मान करना चाहिए. ओवैसी के प्रस्तावित उत्तर प्रदेश दौरे से पहले यह बयानबाजी राजनीतिक माहौल को और गर्म कर रही है.