अमृतसर : गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती के अवसर पर पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करने गए पंजाब के तीन सिख श्रद्धालुओं के लापता होने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (DSGMC) ने पाकिस्तानी अधिकारियों से तत्काल जांच कराने और श्रद्धालुओं की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की थी। हालांकि, ताजा खबरों में तीनों श्रद्धालुओं के सुरक्षित मिलने की जानकारी दी गई है।
लापता बताए गए श्रद्धालुओं की पहचान जालंधर निवासी बिकर सिंह, तरनतारन निवासी बिक्रमजीत सिंह और अमृतसर निवासी हरप्रीत सिंह के रूप में हुई थी। ये सभी गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर पाकिस्तान गए भारतीय सिख तीर्थयात्रियों के जत्थे में शामिल थे। जानकारी के मुताबिक, 22 नवंबर को करीब 2,339 भारतीय सिख श्रद्धालु अटारी-वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान पहुंचे थे। जत्थे ने ननकाना साहिब स्थित गुरुद्वारा जन्मस्थान में मत्था टेका और 23 व 24 नवंबर को धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इसके बाद 25 नवंबर को जत्था ननकाना साहिब से हसन अब्दाल स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा पंजा साहिब के लिए रवाना हुआ। इसी दौरान तीन श्रद्धालु जत्थे में मौजूद नहीं मिले।
तीनों के अचानक गायब होने की सूचना से तीर्थयात्रियों के साथ गए प्रबंधकों और उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई। मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई गई और पाकिस्तान में उनकी तलाश शुरू की गई। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने घटना पर चिंता जताते हुए पाकिस्तानी अधिकारियों से मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि जब तक तीनों के ठिकाने और उनके अलग होने की परिस्थितियों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल जाती, तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी घटनाओं का असर पूरे सिख समुदाय और भविष्य में धार्मिक यात्राओं पर पड़ सकता है। हालांकि, जानकारी मिली है कि तीनों श्रद्धालुओं का पता लगा लिया गया है। कुछ मीडिया रिपोर्टों में उनके सुरक्षित मिलने और जत्थे से दोबारा जुड़ने की जानकारी दी गई है। वहीं, एक श्रद्धालु के परिजनों ने भी फोन पर बातचीत होने और उनके सुरक्षित होने की पुष्टि की है।
भारत लौटने के लिए जत्थे का निर्धारित कार्यक्रम एक दिसंबर का बताया गया है। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम ने पाकिस्तान में भारतीय सिख श्रद्धालुओं की सुरक्षा और धार्मिक यात्राओं के दौरान समन्वय को लेकर सवाल खड़े किए हैं।