बाड़मेर में दो समुदायों में तनातनी को लेकर सर्व समाज के लोगों ने निकाला शांति मार्च

Global Bharat 03 May 2024 07:04: PM 1 Mins
बाड़मेर में दो समुदायों में तनातनी को लेकर सर्व समाज के लोगों ने निकाला शांति मार्च

राजस्थान के बाड़मेर जिले में दो समुदायों में तनातनी के बीच भाईचारा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शुक्रवार को जिला प्रशासन व पुलिस महकमे के अधिकारियों के साथ सर्व समाज के लोगों ने शहर में शांति मार्च निकाला. इससे पहले जिला कलक्ट्रेट में शांति समिति की बैठक हुई. बैठक के बाद सर्व समाज के लोगों ने युवकों से अपील की है कि चुनाव आते जाते रहेंगे, इनके चक्कर में आपसी भाईचारा खत्म नहीं करें.

लोकसभा चुनाव के दौरान बाड़मेर में हुई घटनाओं के बाद उत्पन्न स्थितियों के मद्देनजर यह पहल की गई. बैठक में सर्व समाज के लोगों ने शांति की अपील की. इसके बाद जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ सर्व समाज के लोगों ने शांति मार्च निकाला.

जिला कलेक्टर निशांत जैन ने बताया कि सर्व समाज की बैठक में सभी ने अपनी बात रखी और सुझाव दिए. इसके बाद में एक सार्वजनिक अपील सब की ओर से जारी की गई. इसमें कहा गया कि कोई भी व्यक्ति गलत काम न करें या सोशल मीडिया पर कोई गलत कमेंट करें तो उस पर कार्रवाई हो. किसी भी प्लेटफॉर्म पर किसी प्रकार की जातिगत टिप्पणी नहीं करें.

सर्वसमाज के लोगों ने संकल्प लिया कि वे थार की परंपरा को निभाए रखेंगे. पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि बैठक में सभी लोगों ने सर्वसम्मति से भाईचारा बनाने रखने पर जोर दिया. उन्होंने युवाओं से अपील की कि सोशल मीडिया पर कोई भी अनर्गल टिप्पणी नहीं करें.

यदि टिप्पणी करता है तो उसके खिलाफ पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है. अब तक सोशल मीडिया पर 30 से ज्यादा लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है. एसपी ने बताया कि निर्दलीय उम्मीदवार, पूर्व विधायक अमीन खान आदि को धमकी देने वालों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

Recent News