09 जून को न्यूयॉर्क (New York) में भारत-पाकिस्तान (India-Pakistan) के बीच जो शानदार मैच हुआ, उसने तो दुनियाभर का ध्यान अपनी ओर खींचा ही. लेकिन टी20 विश्व कप (T20 World Cup) के 19वें मैच के दौरान कुछ और ऐसा हुआ, जिस पर से नज़र हटाना मुश्किल हो गया. बता दें कि भारत ने पाकस्तान को रोमांचक मुकाबले में 6 रनों से हरा दिया है.

दरअसल, स्टेडियम के ऊपर आसमान में 'इमरान खान को रिहा करो' (Release Imran Khan) के मैसेज के साथ विमान उड़ता दिखा. 'इमरान खान को रिहा करो' संदेश वाला विमान नासाउ, न्यूयॉर्क, अमेरिका में मैच स्थल के ऊपर उड़ता देखा गया, जिसने मैच देखने आए दर्शकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया.

बताते चलें कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक और पूर्व क्रिकेटर 71 वर्षीय इमरान खान अगस्त 2023 से ही विभिन्न मामलों में जेल में हैं. अप्रैल 2022 में पद से हटाए जाने के बाद इमरान खान पर कई तरह के मुकदमे चल रहे हैं.

एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, इस्लामाबाद की जिला और सत्र अदालत ने 'हकीकी आजादी' मार्च के दौरान तोड़फोड़ के दो मामलों में पीटीआई के नेता इमरान खान, पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी, पूर्व संचार मंत्री मुराद सईद और अन्य पीटीआई नेताओं को बरी कर दिया था, लेकिन कुछ मामलों में उसे सजा सुनाई गई है.
