प्रधानमंत्री मोदी (PM Narendra Modi) ने महाराष्ट्र के जलगांव में लखपति दीदी सम्मेलन में देशवासियों को संबोधित किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध एक अक्षम्य पाप है. PM मोदी ने कहा कि आज मैं एक बार फिर देश के हर राजनीतिक दल और राज्य सरकार से कहना चाहता हूं कि महिलाओं के खिलाफ अपराध एक अक्षम्य पाप है. प्रधानमंत्री ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए और जो लोग किसी भी तरह से उनकी मदद करते हैं उन्हें भी परिणाम भुगतने चाहिए.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बात पर जोर दिया कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में किसी भी लापरवाही के लिए लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए. PM मोदी ने जोर देकर कहा कि चाहे वह अस्पताल हो, स्कूल हो, कार्यालय हो या पुलिस व्यवस्था हो, जहां भी लापरवाही होती है, सभी को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए. PM मोदी ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि सरकार अपराधियों को कड़ी सजा देगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यह भी बताया कि सरकार ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के जरिए न्याय में देरी करने वाली बाधाओं को दूर किया है.
PM मोदी ने कहा कि हमारी सरकार महिलाओं के खिलाफ अत्याचार करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए लगातार कानून सख्त बना रही है. आज देश की इतनी सारी बहनें और बेटियां यहां मौजूद हैं, मैं आपको खास तौर पर बताना चाहता हूं कि पहले FIR समय पर दर्ज न होने, मामलों की सुनवाई न होने और न्याय में देरी की शिकायतें आती थीं. हमने भारतीय न्याय संहिता में ऐसी कई बाधाओं को दूर किया है.
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को ई-FIR सुविधा के बारे में भी बताया, जिससे वे घर बैठे ही केस दर्ज करा सकती हैं. उन्होंने कहा कि अगर पीड़िता थाने नहीं जाना चाहती है, तो वह घर बैठे ही ई-FIR दर्ज करा सकती है. हमने यह भी सुनिश्चित किया है कि थाने स्तर पर कोई भी ई-FIR से छेड़छाड़ न कर सके. हाल के दिनों में आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक जूनियर डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या को लेकर पूरे देश में भारी आक्रोश देखने को मिला, जिसके बाद महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जोरदार मांग उठी. PM मोदी ने 11 लाख नई लखपति दीदियों को भी सुविधा प्रदान की.
बता दें कि लखपति दीदी ग्रामीण विकास मंत्रालय की एक पहल है जिसका उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी महिलाओं को कम से कम एक लाख रुपये की घरेलू आय अर्जित करने में मदद करना है. प्रधानमंत्री ने 2,500 करोड़ रुपये का एक रिवॉल्विंग फंड भी जारी किया, जिसका लाभ 4.3 लाख SHG के लगभग 48 लाख सदस्यों को मिलेगा. इसके अतिरिक्त, वह 5,000 करोड़ रुपये के बैंक ऋण वितरित करेंगे, जिसका लाभ 2.35 लाख SHG के 25.8 लाख सदस्यों को मिलेगा. लखपति दीदी योजना की शुरुआत से अब तक एक करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं. सरकार ने 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है.