इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा द्वारा दिए गए बयान को लेकर पीएम मोदी ने नाराजगी जताई है, जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनपर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि वे लोग चमड़ी के आधार पर भारत के लोगों की तुलना कर रहे हैं. PM ने कहा कि अरे हम तो श्री कृष्ण की पूजा करने वाले लोग हैं.
पीएम मोदी ने कहा कि मैं पित्रोदा के बयान से काफी नाराज हूं. बता दें कि एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू के दौरान इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने विवादित बयान दिया है. उन्होंने भारत के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले लोगों की विवादित रूप से तुलना की है.
दरअसल सैम पित्रोदा ने कहा था कि उत्तर भारत के लोग सफेद गोरे जैसे दिखते हैं, जबकि पूर्वी भारत के लोग चाइनीज जैसे दिखते हैं और दक्षिण भारत के लोग अफ्रीकी की तरह लगते हैं. वहीं पित्रोदा के इस बयान को लेकर बीजेपी पूरी तरह से हमलावर है और पीएम ने भी इसे लेकर सैम पित्रोदा की कड़ी निंदा की है.
वहीं पित्रोदा के बयान से कांग्रेस घिरती हुई नजर आई रही है और विपक्ष के नेता भी इसपर लगातार बयानबाजी कर रहे हैं. इस भीच कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया है.
उन्होंने पोस्ट में लिखा है कि सैम पित्रोदा ने भारत की विविधता को बताने के लिए जिन उपमाओं का इस्तेमाल किया है, वे दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य हैं और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इन उपमाओं से पूरी तरह असहमत है.
प्रियंका चतुर्वेदी ने बीजेपी को घेरा
इसी बीच शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने पीएम मोदी और बीजेपी पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि उनके मुद्दे को देश का मुद्दा बनाना ये दुर्भाग्यपूर्ण रहेगा. देश के मुद्दे क्या हैं? हर तरफ से देश का युवा बेरोजगार है, महिलाएं प्रताड़ित है.
उन्होंने कहा कि सैम पित्रोदा के बयान से ना हमारा कोई लेना देना है और ना ही ये देश का मुद्दा है. हमारे प्रश्न जो भी हैं वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से हैं भारतीय जनता पार्टी से हैं.