प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने कहा कि आज से 1 हजार साल बाद भी जब 21वीं सदी के भारत (India) का अध्ययन होगा, तो उसमें स्वच्छ भारत अभियान (Swachh Bharat Campaign) को जरूर याद किया जाएगा. स्वच्छ भारत मिशन इस सदी में दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे सफल जनभागीदारी वाला, जन नेतृत्व वाला जन आंदोलन है... पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि जिस भारत का सपना गांधी जी और देश की महान विभूतियों ने देखा था, वो सपना हम सब मिलकर पूरा करें, आज का दिन हमें ये प्रेरणा देता है. आज 2 अक्टूबर के दिन मैं कर्तव्यबोध से भी भरा हुआ हूं और उतना ही भावुक भी हूं. आज स्वच्छ भारत मिशन की यात्रा 10 साल के मुकाम पर पहुंच चुकी है...
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के नागरिकों से 'स्वच्छ भारत' की भावना को और मजबूत करने के लिए स्वच्छता पहल में भाग लेने का आग्रह किया. पीएम मोदी ने कहा कि आज गांधी जयंती पर मैं अपने युवा मित्रों के साथ स्वच्छता अभियान का हिस्सा बना. मैं आप सभी से अनुरोध करता हूं कि आज अपने आस-पास स्वच्छता अभियान का हिस्सा बनें. आपकी यह पहल 'स्वच्छ भारत' की भावना को और मजबूत करेगी.
केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने भाजपा सरकार की पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि पिछले एक दशक में लाखों शौचालय बनाए गए हैं, जिससे खुले में शौच में उल्लेखनीय कमी आई है और स्वच्छता मानकों में सुधार हुआ है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह मिशन स्वच्छता से कहीं आगे जाता है. इसका उद्देश्य मानसिकता को बदलना, स्वच्छता को बढ़ावा देना और सभी के लिए एक स्थायी भविष्य बनाना है. जब हम स्वच्छ भारत दिवस पर स्वच्छ भारत मिशन के 10 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं, तो हमें महात्मा गांधी की 155वीं जयंती पर उनके आदर्शों की याद आती है.
कुमारस्वामी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि सफाई के लिए इस राष्ट्रव्यापी आंदोलन ने स्वच्छ, सुंदर और समर्थ भारत के मिशन में लाखों लोगों को एकजुट किया है. इस विशेष दिन पर, आइए महात्मा गांधी की विरासत का सम्मान करें और स्वच्छ, हरित और अधिक लचीले भारत की ओर पीएम मोदी के मार्ग का अनुसरण करना जारी रखें.