नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 दिसंबर से तीन देशों की तूफानी यात्रा पर निकल रहे हैं. इस बार उनका दौरा जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान तक फैला होगा, जो महज तीन-चार दिनों में दो महाद्वीप (पश्चिम एशिया और अफ्रीका) को जोड़ेगा. पीएम मोदी15-16 दिसंबर को जॉर्डन, 16-17 दिसंबर को इथियोपिया और 17-18 दिसंबर को ओमान में रहेंगे.
यह दौरा इसलिए भी खास है क्योंकि इसके ठीक पहले पीएम मोदी दक्षिण अफ्रीका में हुए जी-20 शिखर सम्मेलन से लौटे हैं और उससे भी पहले भूटान की दो दिवसीय यात्रा पूरी की है. भूटान में उन्होंने वहां के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे से मुलाकात की थी. विदेश मंत्रालय ने भारत-भूटान रिश्तों को “आस्था, विश्वास और सद्भावना पर टिका अनूठा व स्थायी साझेदारी” बताया था.
अब जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान की यह यात्रा भारत की उस कोशिश का अगला कदम है जिसमें वह ग्लोबल साउथ के साथ-साथ मध्य पूर्व के अहम देशों के साथ रिश्ते और मजबूत करना चाहता है. कुल मिलाकर दिसंबर का यह महीना भारतीय कूटनीति के लिए काफी व्यस्त और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण साबित होने वाला है.