बांकीपुर में जीत के कुछ दिन बाद ही प्रशांत किशोर का बड़ा ऐलान: 10 हजार युवाओं को नौकरी दिलाएंगे, परिवारों से मांगे बायोडाटा!

Amanat Ansari 11 Aug 2026 10:13: PM 1 Mins
बांकीपुर में जीत के कुछ दिन बाद ही प्रशांत किशोर का बड़ा ऐलान: 10 हजार युवाओं को नौकरी दिलाएंगे, परिवारों से मांगे बायोडाटा!

पटना: जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में अपनी पहली चुनावी जीत के महज कुछ दिनों बाद ही क्षेत्र के युवाओं के लिए बड़ा वादा किया है. उन्होंने कहा है कि अगले एक से दो साल में कम से कम 10 हजार शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी दिलाने में मदद करेंगे.

मंगलवार को बांकीपुर पहुंचकर प्रशांत किशोर ने अपने पहले आधिकारिक दौरे में मतदाताओं का आभार जताया और रोजगार को लेकर यह महत्वपूर्ण घोषणा की. उन्होंने परिवारों से अपील की कि वे अपने पढ़े-लिखे लेकिन बेरोजगार बच्चों का सीवी और बायोडाटा उनके कार्यालय में भेजें. प्रशांत किशोर ने स्पष्ट किया कि वे सरकारी नौकरी का वादा नहीं कर रहे हैं.

बल्कि अपने देश भर के कॉन्टैक्ट्स और कंपनियों के नेटवर्क का इस्तेमाल करके निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर जुटाएंगे. उन्होंने कहा कि शुरुआत में कुछ युवाओं को बिहार से बाहर जाना पड़ सकता है. उन्होंने कहा कि मैं कहीं नहीं जा रहा हूं. मैं आपके लिए काम कर रहा हूं. उन्होंने उन आलोचनाओं का जवाब दिया जिनमें उन पर जीत के बाद 5-6 दिन क्षेत्र से दूर रहने का आरोप लगाया जा रहा था.

प्रशांत किशोर ने यह भी बताया कि अगर जन सुराज पार्टी बिहार में सत्ता में आती है तो राज्य के अंदर ही पर्याप्त रोजगार के अवसर पैदा करने पर जोर दिया जाएगा, ताकि युवाओं को बाहर न जाना पड़े. याद रहे, 3 अगस्त को हुए बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर ने भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा को 19,324 वोटों के बड़े अंतर से हराया था. इस जीत के साथ भाजपा का इस सीट पर 30 साल का कब्जा खत्म हो गया.

रोजगार के अलावा प्रशांत किशोर ने शिक्षा, 1,100 रुपए मासिक पेंशन और अनाज को भी क्षेत्र की चार प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया है. बांकीपुर के मतदाताओं के विश्वास को न्याय ठहराने की दिशा में प्रशांत किशोर का यह कदम साफ संकेत देता है कि वे क्षेत्र के विकास और युवाओं के भविष्य पर फोकस करना चाहते हैं.

Prashant Kishor Bankipur by-election Bankipur jobs promise Jan Suraaj Party

Recent News