गोरखपुर : सिकरीगंज थाना क्षेत्र में 8 अगस्त को हुई शिवकुमार त्रिपाठी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस के मुताबिक, हत्या की वारदात 2024 में हुई आदेश चौधरी की हत्या की रंजिश के चलते अंजाम दी गई. हत्या के संबंध में सिकरीगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया. मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, इनमें मुकदमे में नामजद 7 आरोपियों में से 6 आरोपी शामिल हैं, जबकि विवेचना के दौरान सामने आए 2 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस अब इस हत्याकांड में आरोपियों की भूमिका और वारदात के पीछे की पूरी साजिश की जांच कर रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत निरोधात्मक कार्रवाई भी शुरू की जा रही है. वहीं, मामले में पुलिस विभाग की ओर से भी कार्रवाई की गई है.
सिकरीगंज थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है. शिवकुमार त्रिपाठी हत्याकांड के बाद पुलिस अब फरार चल रहे एक नामजद आरोपी की तलाश में जुटी है. साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हत्या की वजह, साजिश और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.