गोरखपुर : सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली खुर्द गांव में शिव कुमार त्रिपाठी की बेरहमी से हत्या ने इलाके में सनसनी फैला दी। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते हमलावरों ने उन्हें घेरकर पहले खंती व सब्बल से ताबड़तोड़ वार किए और इसके बाद तलवार से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल शिव कुमार ने बचने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा.
बताया जा रहा है कि वारदात उस समय हुई, जब गांव में ब्रह्मभोज का कार्यक्रम चल रहा था. शिव कुमार भी वहां मौजूद थे. इसी दौरान आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया. अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घायल शिव कुमार को इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में भी हमलावरों ने हमला किया.
पुलिस के मुताबिक हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और बदले की भावना सामने आई है. शिव कुमार को वर्ष 2024 में हुई एक हत्या के मामले में आरोपी बनाया गया था. पुलिस का दावा है कि इसी पुरानी दुश्मनी को लेकर उनकी हत्या की साजिश रची गई.
मृतक के परिजनों की तहरीर पर पहले सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने दो और नाम मुकदमे में जोड़े. एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के मुताबिक अब तक 8 अभियुक्त गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किए हैं.
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ NSA की कार्रवाई भी अमल में लाई जा रही है. वहीं घटना में पुलिस की भूमिका और लापरवाही की जांच के बाद सिकरीगंज SHO को लाइन हाजिर कर दिया गया है.
इस हत्याकांड ने गांव में पुरानी दुश्मनी के खूनी रूप को सामने ला दिया है. पुलिस अब पूरे घटनाक्रम, हमले में शामिल सभी आरोपियों और साजिश की कड़ियों को जोड़कर आगे की कार्रवाई में जुटी है.