Prateek Yadav News : समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की जिंदगी राजनीति से अलग एक लग्जरी और हाई-प्रोफाइल लाइफस्टाइल के लिए जानी जाती थी. रियल एस्टेट बिजनेस, करोड़ों की संपत्ति, आलीशान कोठी, बड़ा जिम और 5 करोड़ से ज्यादा कीमत की लैंबॉर्गिनी कार… यही उनकी पहचान बन चुकी थी, लेकिन 38 साल की उम्र में अचानक हुई उनकी मौत ने हर किसी को चौंका दिया. शुरुआती जानकारी में कार्डिएक अरेस्ट को मौत की वजह बताया गया है.
प्रतीक यादव ने खुद को राजनीति से पूरी तरह दूर रखा था. उन्होंने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी और इसके बाद बिजनेस और फिटनेस इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई. उनकी पत्नी अपर्णा भाजपा नेता हैं और फिलहाल उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष के पद पर हैं. हालांकि, प्रतीक को सफल बिजनेसमैन माना जाता था, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में उनके नाम से कोई कंपनी दर्ज नहीं मिली. इसके बावजूद कई कंपनियों और प्रोजेक्ट्स में उनका अप्रत्यक्ष नियंत्रण बताया जाता है.
परिवार के करीबियों के मुताबिक, उनके कई बिजनेस अपर्णा यादव के भाई अमन सिंह बिष्ट और करीबी सहयोगियों के नाम से संचालित होते थे, जबकि फैसले और संचालन का कंट्रोल प्रतीक के पास ही रहता था. 2015-16 में दाखिल चुनावी हलफनामे के अनुसार प्रतीक यादव के पास करीब 19.56 करोड़ रुपए की चल और अचल संपत्ति थी. इनमें 13.41 करोड़ की चल संपत्ति और 6.15 करोड़ की अचल संपत्तियां शामिल थीं. उनकी सबसे चर्चित संपत्तियों में 5.21 करोड़ रुपए की लैंबॉर्गिनी कार भी शामिल थी, जिसके लिए उन्होंने यूनियन बैंक से करीब 4.5 करोड़ रुपए का लोन लिया था. उसी हलफनामे में उनकी सालाना आय लगभग 1.47 करोड़ रुपए बताई गई थी.
लखनऊ के पॉश गौतमपल्ली इलाके में विक्रमादित्य मार्ग पर स्थित उनकी आलीशान कोठी काफी चर्चित रही. हाई सिक्योरिटी जोन में बने इस घर में वह पत्नी और दो बेटियों प्रथमा व पद्मजा के साथ रहते थे, इसके अलावा कैंट क्षेत्र में महात्मा गांधी मार्ग पर बड़ी रेजिडेंशियल बिल्डिंग और गांव रमैयापुर में करीब 22 बीघा कृषि भूमि भी उनके नाम दर्ज थी. राजनीति से दूर रहकर लग्जरी और बिजनेस की दुनिया में पहचान बनाने वाले प्रतीक यादव की अचानक मौत ने यादव परिवार समेत पूरे राजनीतिक और कारोबारी जगत को सदमे में डाल दिया.