कोलकाता : पश्चिम बंगाल में आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख हुमायूं कबीर ने राज्य की कानून- व्यवस्था और चुनाव बाद हिंसा को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में वर्तमान भाजपा सरकार के सत्ता संभालने के बाद हिंसा की घटनाएं नहीं हुई हैं और विपक्ष जानबूझकर माहौल खराब दिखाने की कोशिश कर रहा है.
हुमायूं कबीर ने कहा कि अबतक कोई हिंसा नहीं हुई है. 2021 में जब ममता बनर्जी तीसरी बार मुख्यमंत्री बनी थीं, तब चुनाव के बाद बड़े पैमाने पर हिंसा हुई थी. उस दौर में राज्यभर से हत्या, आगजनी, मारपीट और राजनीतिक प्रतिशोध की खबरें सामने आई थीं, लेकिन अब उन घटनाओं को आसानी से भुलाया जा रहा है. उन्होंने आगे कहा कि जब से सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद संभाला है और राज्य में भाजपा की सरकार बनी है, तब से हालात पूरी तरह बदले हुए हैं. उनके मुताबिक, आज राज्य में कानून-व्यवस्था बेहतर है और राजनीतिक हिंसा जैसी घटनाएं देखने को नहीं मिल रही हैं. लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है.
कबीर ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार के दौरान प्रशासन और गृह विभाग पूरी तरह विफल रहा था, जबकि मौजूदा सरकार सख्त कानून व्यवस्था और प्रशासनिक नियंत्रण के साथ काम कर रही है.