संगरूर (पंजाब): पंजाब के संगरूर में संविदा रोडवेज कर्मचारियों के प्रदर्शन के दौरान शुक्रवार को एक चौंकाने वाली घटना हुई. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस थाने के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) इंस्पेक्टर जसवीर सिंह पर पेट्रोल छिड़क दिया और उन्हें जिंदा जला देने की कोशिश की. इस हमले में इंस्पेक्टर गंभीर रूप से झुलस गए.
पुलिस की शिकायत के अनुसार, प्रदर्शनकारियों के पास पेट्रोल की बोतलें थीं. उन्होंने पुलिसकर्मियों पर पेट्रोल छिड़का, जिससे अचानक आग भड़क उठी और इंस्पेक्टर जसवीर सिंह का यूनिफॉर्म जल गया. साथी पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आग बुझाई और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया. संघर्ष के दौरान यह प्रदर्शन पूरी तरह बेकाबू हो गया था. संविदा कर्मचारियों का शांतिपूर्ण धरना कुछ ही देर में हिंसक हो गया, जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने पेट्रोल की बोतलें निकाल लीं.
संंगरूर पुलिस ने इस मामले में 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है. मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास) के तहत दर्ज किया गया है. पुलिस घटना के वीडियो फुटेज की जांच कर रही है और अन्य शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना है.
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि प्रदर्शन स्थल पर ज्वलनशील सामग्री कैसे पहुंची? क्या यह हमला पूर्व नियोजित था या उत्तेजना में अचानक हुआ? घटना के बाद संगरूर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. शनिवार को वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल SHO से मुलाकात की. पुलिस का कहना है कि जांच में यह भी देखा जाएगा कि क्या यह पुलिस पर सुनियोजित हमला था. यदि ऐसा साबित हुआ तो आरोप और सख्त हो सकते हैं.