महाराष्ट्र के पुणे में 2 बच्चों के साथ स्कूटी पर जा रही महिला के साथ मारपीट की खबर सामने आई है. पीड़ित महिला ने एक कार सवार व्यक्ति पर घूंसा मारने का आरोप लगाया है. महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी व्यक्ति ने पहले उसके बाल खींचे, फिर जोर-जोर से 2 मुक्का मारा, जिससे उसकी नाक से खून निकलने लगा. पीड़िता की पहचान डिजिटल कंटेंट क्रिएटर जेरलिन डिसिल्वा के रूप में हुई है.
पीड़ित ने एक वीडियो पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है. महिला ने बताया कि वह अपने 2 बच्चों के साथ स्कूटी पर सवार हो कर कहीं जा रही थी. उन्होंने दावा किया कि इस दौरान 2 किलोमीटर तक एक कार सवार व्यक्ति ने उसका पीछा किया, जब वह स्कूटी रोककर उतरी तो कार सवार व्यक्ति उसके साथ विवाद करने लगा. फिर उसके बाल खींचे और दो बार जोर-जोर से मुक्का मारा, जिससे उसकी नांक से खून बहने लगा. पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है.
मारपीट करने वाले आरोपी की पहचान स्वप्निल केकरे के रूप में हुई है. वीडियो पोस्ट कर महिला ने बताया कि मेरे साथ 2 बच्चे थे, लेकिन आरोपी ने इसकी परवाह नहीं की. वह पहले गुस्से में कार से निकले और पहले मेरे बाल खींचे फिर दो मुक्का मारा. इस दौरान एक महिला ने उसकी मदद की. महिला की शिकायत पर पुणे पुलिस ने आरोपी व्यक्ति और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है.
घटना के समय भी पति-पत्नी साथ में थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है. महिला ने बताया कि यह सब इतना जल्दी हुआ कि मुझे कुछ भी समझ नहीं आया और मुक्के की वजह से मेरे मुंह और नांक से खून निकलने लगा. उन्होंने कहा कि मैं सरकार से पूछना चाहती हूं कि क्या इस शहर में सभी लोग सुरक्षित हैं, लोग ऐसे व्यवहार क्यों कर रहे हैं. मेरे साथ 2 बच्चे भी थे और कुछ भी हो सकता था.