नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में लगातार बढ़ते प्रदूषण से जूझ रहे लोगों के लिए मौसम विभाग से कुछ राहत भरी खबर आई है. एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव आने की उम्मीद है, जिससे हवा की गुणवत्ता में सुधार हो सकता है.
आईएमडी के अनुसार, 30 दिसंबर से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र पर सक्रिय होने वाले इस विक्षोभ की वजह से दिल्ली में आंशिक बादल छा सकते हैं. 31 दिसंबर को नए साल के पहले दिन आसमान में हल्के बादल रहने और सुबह कोहरा छाने का अनुमान है. वहीं, 1 जनवरी को भी बादल छाए रहेंगे और कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है.
इससे पहले, 30 दिसंबर को ज्यादातर इलाकों में मध्यम कोहरा रह सकता है, जबकि कुछ जगहों पर घना कोहरा छा सकता है. इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. दोपहर में हवा की गति 10-15 किमी प्रति घंटा रहने से आसमान साफ होने की उम्मीद है.
28 दिसंबर को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7-9 डिग्री और अधिकतम 20-22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान है. सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाने से विजिबिलिटी कम हो सकती है. फिलहाल वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 'बहुत खराब' कैटेगरी में है, जो 300-400 के बीच बना हुआ है.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों से पता चलता है कि कई क्षेत्रों में PM2.5 की उच्च मात्रा सांस संबंधी परेशानियां बढ़ा रही है. कम हवा की रफ्तार से प्रदूषक हवा में फंसे हुए हैं, लेकिन आने वाले दिनों में बदलाव से राहत मिलने की संभावना है.