500 से ज्यादा देशी-विदेशी हथियारों का जखीरा! दशहरे पर राजा भैया ने किया शस्त्र पूजन, वैदिक मंत्रों के बीच दिखाया पारंपरिक अंदाज

Amanat Ansari 21 Oct 2026 09:42 AM 1 Mins
500 से ज्यादा देशी-विदेशी हथियारों का जखीरा! दशहरे पर राजा भैया ने किया शस्त्र पूजन, वैदिक मंत्रों के बीच दिखाया पारंपरिक अंदाज

प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का दशहरे वाला शस्त्र पूजन एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है. विजयदशमी के पावन अवसर पर बेंती राजभवन में राजा भैया ने पारंपरिक तरीके से शस्त्र पूजन किया. धोती-कुर्ता और केसरिया साफा पहने राजा भैया वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हथियारों की पूजा करते नजर आए.

इस आयोजन में राजभवन के मुख्य हॉल में 500 से अधिक छोटे-बड़े देशी और विदेशी हथियार सजाए गए थे. पुरोहितों और वैदिक आचार्यों के मंत्रोच्चार के बीच राजा भैया ने शस्त्रों पर तिलक लगाया, पुष्प अर्पित किए और आरती उतारी. यह पूजन हनुमान जी की प्रतिमा के सामने किया गया. क्षत्रिय परंपरा से जुड़ा यह अनुष्ठान राजा भैया हर साल दशहरे पर करते आए हैं.

गौरतलब है कि पिछले साल उनकी पत्नी रानी भानवी सिंह ने प्रधानमंत्री कार्यालय और केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र लिखकर कथित अवैध और विदेशी हथियारों के जखीरे का आरोप लगाया था. इसके जवाब में राजा भैया की ओर से सफाई दी गई थी कि सभी हथियार वैध और लाइसेंसी हैं. उन्होंने कहा था कि 30 से अधिक हथियार उनके, परिवार और सुरक्षाकर्मियों के नाम पर हैं, जबकि बाकी समर्थकों के हैं.

उस समय उन्होंने कहा था, ''जो हमारा है वो समर्थकों का है और जो समर्थकों का है वो हमारा है.'' इस बार भी शस्त्र पूजन के दौरान हथियारों की बड़ी संख्या ने आयोजन को सुर्खियों में ला दिया है. जहां एक तरफ इसे राजा भैया की धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा के रूप में देखा जा रहा है, वहीं पिछले साल के आरोपों की वजह से यह फिर से सियासी चर्चा का विषय भी बन गया है.

Recent News