IPL 2026: जसप्रीत बुमराह के सामने वैभव सूर्यवंशी, पहली बार दिखेगा मुकाबला

Amanat Ansari 07 Apr 2026 02:02: PM 2 Mins
IPL 2026: जसप्रीत बुमराह के सामने वैभव सूर्यवंशी, पहली बार दिखेगा मुकाबला

IPL 2026: आज इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 13वें मैच में राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच भिड़ंत होगी. यह मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा. राजस्थान रॉयल्स ने इस सीजन की शुरुआत बहुत अच्छी की है. उन्होंने अपने पहले दो मैचों में जीत दर्ज की है. पहले चेन्नई सुपर किंग्स को हराया और फिर गुजरात टाइटन्स के खिलाफ छह रन से रोमांचक जीत हासिल की. इसी प्रदर्शन के कारण वे अंक तालिका में तीसरे स्थान पर हैं.

दूसरी ओर मुंबई इंडियंस ने अपना पहला मैच कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीता, लेकिन दूसरे मैच में दिल्ली कैपिटल्स से हार गए. फिलहाल वे अंक तालिका में छठे स्थान पर हैं. आज की सबसे बड़ी बात युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का आमना-सामना होगा. यह दोनों खिलाड़ियों के बीच पहली मुलाकात होगी.

वैभव के लिए यह एक बड़ी परीक्षा का मौका है. अगर वे बुमराह और ट्रेंट बोल्ट जैसे विश्व स्तरीय गेंदबाजों का सामना अच्छे से करते हैं, तो टीम इंडिया में उनका रास्ता और भी आसान हो सकता है. राजस्थान के पास आक्रामक बल्लेबाजी क्रम है. यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की ओपनिंग जोड़ी शुरुआत में तेज रन बनाने का माहौल बना सकती है.

मध्यक्रम में कप्तान रियान पराग और ध्रुव जुरेल मजबूती देते हैं. गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर नई गेंद से अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. पिछले सीजन में टीम 9वें स्थान पर रही थी, लेकिन इस बार वे मजबूत वापसी करने की कोशिश में हैं. मुंबई इंडियंस इस सीजन काफी संतुलित टीम लग रही है. कई खिलाड़ी हाल ही में टी20 विश्व कप खेलकर आए हैं.

बल्लेबाजी में रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, रयान रिकलटन और हार्दिक पांड्या जैसे नाम हैं. गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, शार्दुल ठाकुर और मिशेल सेंटनर जैसे अनुभवी गेंदबाज मौजूद हैं. कप्तान हार्दिक पांड्या पिछले मैच में बीमारी के कारण नहीं खेल सके थे, लेकिन आज वे प्लेइंग इलेवन में वापसी कर सकते हैं.

दोनों टीमों के बीच अब तक 31 मैच खेले जा चुके हैं. मुंबई ने 16 मैच जीते हैं जबकि राजस्थान रॉयल्स ने 14 मैच अपने नाम किए हैं. 2021 के बाद से मुंबई ने इन दोनों के बीच खेले गए 8 मैचों में से 5 में जीत हासिल की है.

संभावित प्लेइंग इलेवन

  • मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, रयान रिकलटन, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, मिशेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, मयंक मारकंडे
  • राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल, रियान पराग, शिम्रोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, तुषार देशपांडे, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई
Rajasthan Royals RR Mumbai Indians MI IPL 2026 Vaibhav Suryavanshi Jasprit Bumrah

Recent News