दिल्ली में भीषण गर्मी और हीट वेव को लेकर जारी हुआ रेड अलर्ट, 31 मई को हल्की बारिश की संभावना

Global Bharat 26 May 2024 08:42: PM 1 Mins
दिल्ली में भीषण गर्मी और हीट वेव को लेकर जारी हुआ रेड अलर्ट, 31 मई को हल्की बारिश की संभावना

पूरा देश इन दिनों भीषण गर्मी से जूझ रहा है. इसी बीच मौसम विभाग (IMD) ने आज रविवार को दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा सहित कई उत्तरी राज्यों में लू (हीटवेव) को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है.

IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा कि पश्चिमी राजस्थान के फलोदी में कल अधिकतम तापमान 50 डिग्री तक रहा. राजस्थान में अगले 3-4 दिन भी ऐसे ही रहने वाले हैं और हमने रेड अलर्ट जारी किया है. उसके बाद धीरे-धीरे तापमान में कमी होगी. हरियाणा में भी हमने रेड अलर्ट जारी किया है.पंजाब के लिए यह 2 दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट है.

वहीं आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री रहा. यह सामान्य से 5 डिग्री अधिक है. आज दिल्ली में सीजन का सबसे गर्म दिन रहा. वहीं बेस स्टेशन सफदरजंग में पहली बार लू चली. मंगेशपुर और नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 48 डिग्री से अधिक रहा.

31 मई को हल्की बारिश की संभावना है. जिसके बाद तापमान गिरकर 43 डिग्री तक पहुंच सकता है. उधर मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अंडमान द्वीप समूह में पहुंच चुका है और 31 मई तक केरल पहुंचने वाला है. मुंबई में मॉनसून 10 और 11 जून के बीच आने की उम्मीद है.

Recent News