IPL 2025: मेगा नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ी बनने के बाद ऋषभ पंत को मिली इस टीम की कमान

Global Bharat 20 Jan 2025 05:08: PM 1 Mins
IPL 2025: मेगा नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ी बनने के बाद ऋषभ पंत को मिली इस टीम की कमान

नई दिल्ली: IPL 2025 को लेकर ऋषभ पंत को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है. इस बार ऋषभ को एक और बड़ी जिम्मेदारी दी गई है. दरअसल, IPL फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स ने ऋषभ पंत को 2025 सीजन के लिए अपना नया कप्तान नियुक्त किया है. यह जानकारी टीम के प्रमुख मालिक संजीव गोयनका ने सोमवार को दी. पिछले साल जेद्दा में हुई IPL मेगा नीलामी में पंत सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे.

ऋषभ पंत को एलएसजी ने 27 करोड़ रुपये में खरीदा था. अब वह IPL में खेलने के अपने इतिहास में केएल राहुल, निकोलस पूरन और क्रुणाल पंड्या के बाद एलएसजी के चौथे कप्तान होंगे. IPL 2022 और 2023 सीजन में प्लेऑफ में जगह बनाने के बाद, एलएसजी 2024 में पहली बार प्लेऑफ में जगह बनाने में विफल रहा, क्योंकि वे खराब नेट रन रेट के साथ अंक तालिका में सातवें स्थान पर रहे.

इससे पहले  दिल्ली की कर चुके हैं कप्तानी

यह दूसरी IPL टीम होगी जिसकी कप्तानी पंत करेंगे, इससे पहले वह दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) का नेतृत्व कर चुके हैं. पंत 2021 से 2024 तक IPL के संस्करणों में डीसी के कप्तान थे, सिवाय 2023 सीजन के, जिसमें वह दिसंबर 2022 में एक कार दुर्घटना में लगी चोटों के कारण नहीं खेल पाए थे. लेकिन IPL 2025 रिटेंशन डेडलाइन से पहले, उन्हें डीसी द्वारा रिलीज कर दिया गया था एलएसजी में, पंत मुख्य कोच जस्टिन लैंगर के साथ काम करेंगे, जिनसे उनकी ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी श्रृंखला के दौरान मुलाकात हुई थी, और टीम के मेंटर जहीर खान के साथ भी काम करेंगे.

बल्लेबाजी की कमान संभालेंगे ये खिलाड़ी...

बल्लेबाजी विभाग में, पंत निकोलस पूरन, डेविड मिलर, मिशेल मार्श और एडेन मार्करम के साथ-साथ आयुष बदोनी, आर्यन जुयाल, अब्दुल समद और हिम्मत सिंह के साथ होंगे. गेंदबाजी विभाग में, उनके पास भारतीय तेज गेंदबाज आकाश दीप और आवेश खान होंगे. साथ ही पहले से बरकरार रखे गए खिलाड़ी रवि बिश्नोई, मयंक यादव और मोहसिन खान और बाकियों का भी उन्हें साथ मिलेगा.

ऋषभ पंत के सामने IPL से पहले आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जैसा बड़ा टूर्नामेंट है जहां भारत का मुकाबला 20 फरवरी से शुरू होगा. इसके लिए पंत को इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में खेलने वाली टीम में भी जगह मिली है. 

rishabh pant rishabh pant ipl auction rishabh pant news ipl

Description of the author

Recent News