नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार, 18 सितंबर के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है. देश के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश के साथ तेज आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है. खासकर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड सहित कुल 21 राज्यों में भारी बारिश हो सकती है. हवा की रफ्तार 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और कई जगहों पर बिजली गिरने का भी खतरा है.
बिहार-झारखंड-ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट
IMD के अनुसार 18 से 23 सितंबर के बीच पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के आसार भी हैं. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार में भी भारी वर्षा हो सकती है. पूर्वोत्तर राज्यों अरुणाचल, असम, मेघालय आदि में छिटपुट बारिश और बिजली गिरने की संभावना है.
मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ और राजस्थान का हाल
पूर्वी मध्य प्रदेश में 18 सितंबर को गरज-चमक के साथ व्यापक बारिश का अनुमान है. छत्तीसगढ़ में 18 से 23 सितंबर तक बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी. 19 सितंबर से बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है. पूर्वी राजस्थान में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं, पश्चिमी राजस्थान से मानसून की वापसी की परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं.
दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश की संभावना
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में 18 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा. कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम 22 से 24 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. हवाएं मुख्य रूप से उत्तर-पश्चिम दिशा से चलेंगी.
पश्चिम और दक्षिण भारत में भी बारिश
गुजरात, कोंकण-गोवा और सौराष्ट्र-कच्छ में 18-19 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहेगा. तेज हवाएं 30-40 किमी प्रति घंटे (कभी-कभी 50 किमी तक) की रफ्तार से चल सकती हैं. तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और लक्षद्वीप में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग ने सभी संबंधित राज्यों के लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण यात्रा से बचें और बिजली गिरने के खतरे से सतर्क रहें.