Brihanmumbai Municipal Corporation Mayor: मुंबई की सियासत में एक बड़ा फैसला सामने आया है. महायुति गठबंधन ने बीजेपी की पार्षद रितु तावड़े को बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के महापौर पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है. मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित सातम ने शुक्रवार शाम को बीएमसी मुख्यालय पर आयोजित बीजेपी पार्षदों की बैठक में यह ऐलान किया. रितु तावड़े जल्द ही नामांकन दाखिल करेंगी. यह पद एशिया के सबसे अमीर नागरिक निकाय का सर्वोच्च पद है.
उपमहापौर के लिए शिवसेना का फैसला
गठबंधन के समझौते के तहत उपमहापौर का पद शिवसेना (शिंदे गुट) को मिला है. शिवसेना ने दहिसर के पार्षद संजय शंकर घाड़ी को उपमहापौर उम्मीदवार बनाया है. घाड़ी पूर्व में शिवसेना (यूबीटी) से जुड़े वरिष्ठ पार्षद थे, जो बाद में एकनाथ शिंदे गुट में शामिल हो गए. शिवसेना की योजना है कि उपमहापौर का 2.5 साल का कार्यकाल चार पार्षदों में बांटा जाएगा. संजय घाड़ी का कार्यकाल शुरुआत में लगभग 1.25 साल का होगा.
कौन हैं रितु तावड़े?
यदि वे चुनी जाती हैं, तो वे मुंबई की दूसरी महिला बीजेपी महापौर होंगी. पहली प्रभाकर पाई थीं, जिन्होंने 1982-83 में यह पद संभाला था. महापौर पद महिला (सामान्य वर्ग) के लिए आरक्षित है, इसलिए बीजेपी ने अनुभवी महिला नेताओं पर विचार किया और रितु तावड़े का नाम अंतिम रूप से तय हुआ.
यह भी पढ़ें: आधी रात को पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को पुलिस ने उठाया, 31 साल पुराने विवाद में एक्शन
बता दें कि बीएमसी का 78वां महापौर चुनने का चुनाव 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे बीएमसी मुख्यालय में होगा. लगभग चार साल बाद प्रशासक के शासन के बाद चुनी हुई बीएमसी फिर से काम करेगी. जनवरी 2026 में हुए बीएमसी चुनाव में महायुति गठबंधन को ऐतिहासिक जीत मिली. बीजेपी 89 सीटें, शिवसेना (शिंदे गुट) 29 सीटें जीती. महायुति की यह जीत ठाकरे परिवार के तीन दशक पुराने दबदबे को तोड़ने वाली मानी जा रही है. अब 11 फरवरी को होने वाला चुनाव महायुति की एकजुटता और बीएमसी में नई शुरुआत का प्रतीक होगा.