आधी रात को पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को पुलिस ने उठाया, 31 साल पुराने विवाद में एक्शन

Amanat Ansari 07 Feb 2026 12:06: PM 2 Mins
आधी रात को पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को पुलिस ने उठाया, 31 साल पुराने विवाद में एक्शन

Pappu Yadav Arrest: बिहार की राजनीति में एक बार फिर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को पटना पुलिस ने शुक्रवार रात देर रात गिरफ्तार कर लिया. यह कार्रवाई लगभग 31 साल पुराने एक आपराधिक मामले में पटना की विशेष अदालत के जारी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर हुई.

मामला क्या है?

यह पूरा विवाद 1995 का है, जब पटना के गर्दनीबाग थाने में FIR दर्ज की गई थी (FIR संख्या 552/1995). शिकायतकर्ता विनोद बिहारी लाल ने आरोप लगाया था कि पप्पू यादव ने उनके मकान को धोखे से किराए पर लिया. शुरू में इसे व्यक्तिगत उपयोग के लिए बताया गया, लेकिन बाद में उन्होंने इसे अपना कार्यालय बना लिया और संपत्ति पर कब्जा कर लिया. इस धोखाधड़ी के आरोप में धारा 419, 420, 468, 448, 506 और 120B (पुरानी IPC के तहत) लगाई गई थी.

अदालत की कार्रवाई

  • अदालत ने पप्पू यादव को कई बार समन जारी किए, लेकिन वे बार-बार पेश नहीं हुए.
  • पहले गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ.
  • फिर उनके ठिकानों पर इश्तेहार चस्पा करने का आदेश आया.
  • हाल ही में अदालत ने पप्पू यादव सहित अन्य आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने का अंतिम आदेश दिया था.
  • इसी वारंट के आधार पर पटना पुलिस ने आधी रात उनके पटना स्थित आवास पर दबिश दी.

गिरफ्तारी के दौरान क्या हुआ?

पुलिस के पहुंचने पर पप्पू यादव के समर्थकों ने विरोध जताया और तीखी बहस हुई. कुछ देर तक हंगामा चला. अंततः पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर ले गई. गिरफ्तारी के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर आई, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. वे रात पुलिस हिरासत में बिताकर शनिवार सुबह कोर्ट में पेश होने वाले थे.

पप्पू यादव का बयान

गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव ने दावा किया कि यह कार्रवाई राजनीतिक साजिश है. उन्होंने बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर गंभीर आरोप लगाए कि वे उनकी हत्या की साजिश रच रहे हैं. उन्होंने NEET छात्रा के मामले में लड़ाई लड़ने के कारण धमकी मिलने की बात कही. पप्पू यादव ने कहा कि वे फांसी पर चढ़ने को तैयार हैं, लेकिन सच के रास्ते से नहीं हटेंगे.

यह भी पढ़ें: सिर्फ 20 साल की उम्र में साइलेंट अटैक का हुआ शिकार, बुझ गया इकलौता चिराग

उन्होंने दावा किया कि सादी वर्दी में आए पुलिसकर्मियों से उन्हें लगा कि कोई हमला करने आया है. यह मामला बिहार की सियासत में नया मोड़ लाया है, खासकर जब पप्पू यादव हाल के समय में कुछ मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं. अदालत की यह सख्त कार्रवाई लंबित मामलों में न्यायिक प्रक्रिया की तेजी को दर्शाती है.

Pappu Yadav Pappu Yadav Patna Residence Raid Samrat Choudhary Murder

Recent News