पटना: बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजद का लोकभवन मार्च निकाला गया. इस दौरान कुछ राजद कार्यकर्ता हाथ में डमी एके-47 लेकर पहुंचे, तो पुलिस ने जब वाटर कैनन से पानी की बौछार की, तो कार्यकर्ता भागने के बजाय पानी में डांस करने लगे. मार्च जेपी गोलंबर से शुरू हुआ.
तेजस्वी यादव के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तिरंगा लेकर आगे बढ़े. उन्होंने निहत्थे आंदोलनकारियों पर गोली चलाने और पेपर लीक जैसी घटनाओं के खिलाफ सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की. डाकबंगला चौराहा पर पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी गई. आयकर गोलंबर के पास पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोका. यहां कुछ कार्यकर्ताओं ने पुलिस लिखे टी-शर्ट पहनकर और स्टूडेंट लिखे कपड़े पहने साथियों पर डमी एके-47 तानकर सीवान में 25 जुलाई को हुई पुलिस फायरिंग का प्रतीकात्मक विरोध जताया.
जब पुलिस ने वाटर कैनन चलाया, तो राजद कार्यकर्ता वहीं डटे रहे. कई लोग पानी की बौछारों में मजे लेते हुए डांस करने लगे. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए. इसके बाद पटना पुलिस ने तेजस्वी यादव समेत कई राजद कार्यकर्ताओं को इनकम टैक्स कार्यालय के पास से हिरासत में ले लिया और सचिवालय थाना ले गई. कुछ देर बाद उन्हें छोड़ दिए जाने की उम्मीद है.
सूत्रों के अनुसार, राजद का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात कर पार्टी की मांगों वाला ज्ञापन सौंपेगा. पुलिस-प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को लोकभवन तक जाने की अनुमति नहीं दी. यह राजद का 11 साल बाद राजभवन मार्च था और तेजस्वी यादव पांच साल बाद सड़क पर पैदल प्रदर्शन में उतरे.