संभल : उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पीएम श्री योजना के तहत संचालित एक सरकारी स्कूल धार्मिक गतिविधियों को लेकर विवादों में घिर गया है. स्कूल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई कि यहां हिंदू छात्रों को टोपी पहनने और छात्राओं को हिजाब पहनने के लिए प्रेरित किया जा रहा था. इस आरोप के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में नाराजगी फैल गई. मामला तूल पकड़ने पर शिक्षा विभाग हरकत में आया. बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शिकायत की जांच कराई, जिसमें प्रथम दृष्टया नियमों के उल्लंघन के संकेत मिलने के बाद स्कूल के हेडमास्टर मोहम्मद अंजार अहमद और शिक्षक मोहम्मद गुल एजाज को निलंबित कर दिया गया. विभागीय कार्रवाई के साथ ही दोनों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई है.
स्कूल परिसर में धार्मिक सामग्री और कुछ ऐसे पोस्टर भी पाए गए, जिन पर आपत्ति जताई गई. शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सरकारी स्कूल में किसी एक धर्म विशेष से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देना शिक्षा के नियमों और संविधान की भावना के खिलाफ है. वहीं प्रशासन का कहना है कि सरकारी शिक्षण संस्थानों में धार्मिक तटस्थता बनाए रखना अनिवार्य है. जिला प्रशासन और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे और सख्त कार्रवाई की जा सकती है. फिलहाल स्कूल प्रबंधन से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है.
इस घटना के बाद संभल समेत पूरे प्रदेश में सरकारी स्कूलों की कार्यप्रणाली और धार्मिक निष्पक्षता को लेकर चर्चा तेज हो गई है. शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि सरकारी संस्थानों में किसी भी प्रकार की धार्मिक बाध्यता या पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और आगे की प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है. एफआईआर दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है.