लखनऊ : उत्तर प्रदेश की सियासत में विधानसभा चुनाव से पहले एक मुलाकात ने चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है. योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के प्रमुख डॉ. संजय निषाद सोमवार शाम समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय से मिलने उनके लखनऊ स्थित आवास पर पहुंचे. दोनों नेताओं के बीच हुई इस मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर सामने आई हैं। तस्वीर में संजय निषाद, माता प्रसाद पांडेय को बुके भेंट करते नजर आए. संजय निषाद ने पोस्ट के साथ इसे ‘शिष्टाचार भेंट’ बताया और कहा कि विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई.
हालांकि, मुलाकात का समय बेहद अहम माना जा रहा है. उत्तर प्रदेश में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं और इसी बीच सत्ता पक्ष के एक सहयोगी दल के प्रमुख की सपा के नेता प्रतिपक्ष से मुलाकात ने सियासी अटकलों को हवा दे दी है. सवाल उठ रहा है कि क्या संजय निषाद भाजपा से दूरी बनाकर कोई नया राजनीतिक विकल्प तलाश रहे हैं.
इन अटकलों के बीच संजय निषाद का बयान भी काफी महत्वपूर्ण है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जब समाजवादी पार्टी ने उनके लिए दरवाजा बंद किया था, तब वह भाजपा के साथ चले गए थे. अब अगर भाजपा भी दरवाजा बंद करती है, तो वह दूसरे विकल्पों पर विचार करेंगे.
संजय निषाद ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता निषाद समाज के मुद्दे हैं. उन्होंने कहा कि वह उसी राजनीतिक दल के साथ रहेंगे, जो निषाद समाज की समस्याओं और मांगों को हल करेगा.
ऐसे में माता प्रसाद पांडेय से मुलाकात को लेकर सियासी हलकों में चर्चाएं तेज हैं. हालांकि, अभी इसे महज शिष्टाचार भेंट बताया गया है, लेकिन चुनावी माहौल में इस मुलाकात के राजनीतिक मायने जरूर निकाले जा रहे हैं.