पीएम मोदी समेत वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने दी लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन पर शुभकामनाएं

Global Bharat 08 Nov 2024 10:00: AM 1 Mins
पीएम मोदी समेत वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने दी लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन पर शुभकामनाएं

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिन पर बधाई दी और उनके लिए स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना की.  

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, "लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. इस साल का यह जन्मदिन और भी खास है क्योंकि उन्हें देश की सेवा के लिए 'भारत रत्न' से सम्मानित किया गया है. वह हमारे देश के सबसे सम्मानित नेताओं में से एक हैं, जिन्होंने अपना जीवन भारत के विकास के लिए समर्पित किया है. उनकी समझ और ज्ञान को हमेशा आदर मिला है. मुझे कई वर्षों तक उनका मार्गदर्शन पाने का सौभाग्य मिला है. मैं उनके स्वस्थ और लंबी आयु की कामना करता हूं."

भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी अपने वरिष्ठ नेता को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा, "भाजपा के वरिष्ठ नेता, देश के पूर्व उप-प्रधानमंत्री, भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं. उन्होंने अपने समर्पण और कठिन परिश्रम से भाजपा को सींचकर देशभर में इसे विस्तार देने तथा असंख्य कार्यकर्ताओं को गढ़ने में महनीय भूमिका निभाई है. संगठन के विस्तार एवं राष्ट्र सेवा के आपके महान विचार और कार्य करोड़ों कार्यकर्ताओं के पाथेय हैं. ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं."

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिन पर बधाई दी. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. आडवाणी जी ने जनसेवा और संगठन कौशल का अनुपम परिचय देते हुए भाजपा को लोक कल्याण का प्रतीक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनके नेतृत्व में भाजपा का संगठन सुदृढ़ और व्यापक हुआ. देश के पूर्व उप-प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के रूप में उनके कार्य अत्यंत प्रेरणादायक हैं. ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना करता हूं."

भारत के केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, "भारतीय राजनीति के मजबूत स्तंभ और हम सबके प्रेरणा स्रोत लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिवस की बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं. अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने अनेक दायित्वों का निर्वहन करते हुए भारत की विकास यात्रा को गति दी है. देश और दल दोनों के निर्माण में आडवाणी जी की जो भूमिका रही है, वह अतुलनीय है. मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य की और दीर्घजीवी होने की ईश्वर से कामना करता हूं."

pm modi lk advani narendra modi meets lk advani narendra modi

Description of the author

Recent News