नई दिल्ली: राजस्थान के जयपुर जिले के चोमू कस्बे में गुरुवार देर रात को बस स्टैंड के पास एक मस्जिद के बाहर लंबे समय से पड़े पत्थरों को हटाए जाने के बाद तनाव भड़क उठा, जिससे स्थानीय लोगों के एक समूह और पुलिस के बीच झड़प हो गई.
अधिकारियों के अनुसार, मस्जिद के बाहर पड़े इन पत्थरों को आपसी सहमति से हटाने का काम शुरू हुआ और शुरुआत में स्थिति शांत रही. लेकिन बाद में कुछ लोगों ने लोहे की रेलिंग लगाने की कोशिश की, जो सड़क पर अतिक्रमण कर रही थी, जिसपर आपत्ति हुई और बहस शुरू हो गई.
विवाद बढ़ने पर कुछ उपद्रवियों ने कथित तौर पर पुलिस पर पत्थर फेंके. जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े. बस स्टैंड क्षेत्र कुछ देर के लिए अशांत हो गया, लेकिन सुरक्षा बलों ने जल्द ही स्थिति पर काबू पा लिया.
डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि घटना सुबह करीब 2-3 बजे हुई, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. उन्होंने मीडिया को विस्तृत जानकारी देते हुए बतया, "स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया."
घटना की गंभीरता को देखते हुए कई थानों से पुलिस टीमें और दंगा नियंत्रण वाहन तैनात किए गए. क्षेत्र में भारी पुलिस बल मौजूद है और किसी नए तनाव को रोकने के लिए इलाका सुरक्षित कर दिया गया है.
अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चोमू में अगले 24 घंटों के लिए इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं.