शनिवार रात को दशहरा उत्सव के दौरान एनसीपी अजित पवार (NCP Ajit Pawar) गुट के नेता बाबा सिद्दीकी (Baba Siddiqui) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. दावा किया जा रहा है कि इस हत्याकांड को तीन लोगों ने मिलकर अंजाम दिया है. मामले में हरियाणा के 23 वर्षीय गुरमेल बलजीत सिंह (Baljit Singh) और उत्तर प्रदेश के 19 वर्षीय धर्मराज कश्यप (Dharamraj Kashyap) को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीसरा आरोपी अभी भी फरार है. हालांकि, पुलिस का मानना है कि कोई और उन्हें सिद्दीकी के स्थान के बारे में जानकारी दे रहा था.
सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि मुंबई पुलिस की अपराध शाखा द्वारा पूछताछ के दौरान, गिरफ्तार संदिग्धों ने दावा किया है कि वे लगभग एक महीने से बांद्रा ईस्ट में शूटिंग स्थल की रेकी कर रहे थे. अपराध शाखा के सूत्रों ने बताया कि तीनों आरोपी कल रात एक ऑटो रिक्शा में वहां पहुंचे और शूटिंग होने से पहले कुछ देर तक इंतजार किया. पुलिस दो एंगल से मामले की जांच कर रही है.
एक एंगल बिश्नोई गिरोह (Bishnoi gang) से जुड़ा हुआ है और दूसरा झुग्गी पुनर्वास मामले से संबंधित है. बिश्नोई गिरोह की संलिप्तता का संदेह बाबा सिद्दीकी की बॉलीवुड स्टार सलमान खान (Salman Khan) से निकटता के कारण है, जिन्हें लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) से धमकियां मिली थीं. पीड़ित के करीबी सूत्रों का दावा है कि उसे 15 दिन पहले जान से मारने की धमकी मिली थी, जिसके बाद उन्हे 'वाई' श्रेणी की सुरक्षा दी गई थी.
हालांकि पुलिस की तरफ से जानकारी मिली है कि सिद्दीकी ने बिश्नोई गिरोह से किसी भी तरह की धमकी की सूचना नहीं दी थी. मामले को लेकर केंद्रीय एजेंसियां मुंबई पुलिस (Mumbai Police) के संपर्क में हैं, जबकि गुजरात और दिल्ली की पुलिस भी जांच कर रही है. बता दें कि लारेंस बिश्नोई, जिस पर दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं वह अभी गुजरात की जेल में बंद है, लेकिन उसका गिरोह व्यापारियों को फिरौती के लिए कॉल करने को लेकर सुर्खियों में रहता है. बिश्नोई ने सलमान खान को भी मारने की धमकी दे रखी है.
गौरतलब हो कि सलमान खान 1998 के काले हिरण शिकार (Salman Khan Black Buck Hunting) मामले में बिश्नोई की लक्ष्य सूची में रहे हैं. बिश्नोई के करीबी सहयोगी रोहित गोदारा (Rohit Godara) ने पहले दावा किया था कि जो कोई भी सलमान खान का दोस्त है, वह उनका दुश्मन है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि बिश्नोई गिरोह में 700 से अधिक शूटर हैं और देश भर में कई छोटे और बड़े अपराधी उसके लिए काम करते हैं. बिश्नोई का नाम हाल के दिनों में हुई कई हत्याओं से भी जुड़ा है, जिनमें रैपर सिद्धू मूसेवाला (Sidhu Moosewala) और अफगान मूल के दिल्ली स्थित जिम मालिक की हत्या भी शामिल है.