Kolkata bulldozer Action : पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद नव निर्वाचित भाजपा सरकार ने अवैध निर्माण के खिलाफ आक्रामक अभियान शुरू कर दिया है. कोलकाता के तिलजला स्थित जीजे खान रोड पर अवैध रूप से संचालित चमड़ा फैक्ट्री में लगी भीषण आग में दो मजदूरों की मौत और पांच लोगों के घायल होने की घटना ने प्रशासन को झकझोर दिया. हादसे के महज 30 घंटे के भीतर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर अवैध फैक्ट्री परिसर पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी गई, जिससे सरकार ने साफ संदेश दिया कि सुरक्षा से खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं होगा.
जांच में सामने आया कि बहुमंजिला इमारत में बिना वैध अनुमति के फैक्ट्री चलाई जा रही थी और फायर सेफ्टी मानकों की गंभीर अनदेखी की गई थी. रिपोर्ट मिलते ही मुख्यमंत्री ने जांच समिति गठित कर दोषियों पर त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए. मौके पर भारी पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई ताकि किसी भी विरोध या तनाव को नियंत्रित किया जा सके.
दमकल विभाग ने भी बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए प्रगति मैदान फायर स्टेशन के स्टेशन ऑफिसर गौतम दास को निलंबित कर दिया. उन पर सुरक्षा निरीक्षण और निगरानी में लापरवाही के आरोप हैं.
सरकार ने एक महीने के भीतर विभागीय जांच पूरी करने का आदेश दिया है. महिला एवं बाल विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार पर अवैध निर्माणों को संरक्षण देने और भ्रष्ट आर्थिक लाभ लेने के गंभीर आरोप लगाए. वहीं, भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा कि भाजपा सरकार राज्य से ‘कट-मनी’ संस्कृति खत्म कर व्यवस्था सुधार रही है.
फैक्ट्री मालिक जफर निशार की गिरफ्तारी के साथ ही सरकार ने अवैध फैक्ट्रियों के बिजली-पानी कनेक्शन काटने का अभियान शुरू कर दिया है. राज्यभर की नगरपालिकाओं को भी चेतावनी दी गई है कि फायर लाइसेंस और एनओसी के बिना चल रहे प्रतिष्ठानों पर अब सख्त कार्रवाई तय है.