Prateek Yadav Death Reason : समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव गुरुवार को लखनऊ के बैकुंठधाम भैंसाकुंड श्मशान घाट पर पंचतत्व में विलीन हो गए. 38 वर्ष की उम्र में उनके निधन ने यादव परिवार ही नहीं, प्रदेश की सियासत को भी गहरे शोक में डाल दिया. अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा. पत्नी अपर्णा यादव बेसुध नजर आईं, वहीं परिवार के कई सदस्य अश्रुपूर्ण आंखों से अंतिम विदाई देते दिखे. प्रतीक यादव को उनके ससुर और वरिष्ठ पत्रकार अरविंद सिंह बिष्ट ने मुखाग्नि दी.
अंतिम दर्शन के लिए सुबह से ही बैकुंठधाम और विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर समर्थकों, शुभचिंतकों और राजनीतिक हस्तियों की भीड़ उमड़ पड़ी. अंतिम यात्रा में समाजवादी पार्टी, बीजेपी समेत कई दलों के नेता शामिल हुए. पार्थिव शरीर को फूलों से सजे वाहन में अंतिम यात्रा के लिए ले जाया गया. सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा.
इस दुखद मौके पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव, शिवपाल सिंह यादव, डिंपल यादव समेत पूरा यादव परिवार मौजूद रहा. बुधवार को तबीयत बिगड़ने पर प्रतीक यादव को सिविल अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनके निधन ने परिवार, समर्थकों और राजनीतिक गलियारों को स्तब्ध कर दिया.