दिल्ली में चलती बस में दो घंटे तक गैंगरेप, पीड़िता को सड़क पर फेंककर भागे आरोपी

Amanat Ansari 14 May 2026 02:56: PM 1 Mins
दिल्ली में चलती बस में दो घंटे तक गैंगरेप, पीड़िता को सड़क पर फेंककर भागे आरोपी

Delhi Gang Rape: दिल्ली के रानी बाग इलाके में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. 30 वर्षीय एक महिला के साथ चलती स्लीपर बस में लगातार दो घंटे तक सामूहिक बलात्कार किया गया. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह देर रात फैक्ट्री से घर लौट रही थी, तभी सड़क किनारे खड़े एक युवक से उसने सिर्फ समय पूछा था.

महिला के अनुसार, युवक ने अचानक उसे जबरन बस में घसीट लिया. बस के अंदर पहले से ही अन्य लोग मौजूद थे. इसके बाद आरोपी बस को घुमाते हुए अलग-अलग इलाकों में ले गए और पूरे दो घंटे तक उसके साथ दरिंदगी की. बस नांगलोई इलाके तक पहुंच गई. पीड़िता लगातार मदद के लिए चीखती रही, लेकिन आरोपियों ने उसे मारपीट कर चुप करा दिया.

करीब दो घंटे बाद आरोपियों ने घायल हालत में महिला को सड़क पर फेंक दिया और बस लेकर फरार हो गए. किसी तरह हिम्मत जुटाकर महिला ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां मेडिकल जांच में बलात्कार की पुष्टि हुई है. पुलिस ने घटना वाली स्लीपर बस को जब्त कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है.

कई टीमों को आरोपियों की तलाश में लगा दिया गया है. पीड़िता पीतमपुरा की झुग्गी बस्ती में रहती है और मंगोलपुरी स्थित एक फैक्ट्री में काम करती है. उसके पति बीमार हैं और घर की सारी जिम्मेदारी उसके ऊपर है. तीन छोटी बेटियों की मां होने के कारण उसने अस्पताल में भर्ती होने से इनकार कर दिया. महिला का कहना है कि अगर वह काम पर नहीं गई तो घर का खर्च चलाना मुश्किल हो जाएगा. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है.

Delhi Gangrape Delhi Crime Delhi News Delhi Police Delhi Bus Gangrape Nirbhaya Incident

Recent News