Vande Mataram : पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार ने स्कूलों में राष्ट्रभावना को लेकर बड़ा फैसला लिया है. राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से सभी स्कूल प्रमुखों को जारी नए निर्देश में कहा गया है कि अब हर स्कूल में क्लास शुरू होने से पहले सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान ‘वंदे मातरम’ गाना अनिवार्य होगा. आदेश के मुताबिक यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी और राज्य के सभी सरकारी व सहायता प्राप्त स्कूलों के छात्र-छात्राओं को इसका पालन करना होगा.
नोटिस में साफ कहा गया है कि संस्थानों के प्रमुख यह सुनिश्चित करें कि सुबह की प्रार्थना के दौरान ‘वंदे मातरम’ पूरे अनुशासन और सम्मान के साथ गाया जाए. सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य छात्रों में राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और देश के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है.
इस फैसले के बाद राज्य की राजनीति भी गर्माने लगी है. बीजेपी इसे राष्ट्रीय अस्मिता से जुड़ा ऐतिहासिक कदम बता रही है, जबकि विरोधी दल इसे शिक्षा व्यवस्था में वैचारिक हस्तक्षेप करार दे सकते हैं. हालांकि, सरकार का रुख साफ है कि स्कूल केवल शिक्षा के केंद्र नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की पहली पाठशाला भी हैं. ऐसे में ‘वंदे मातरम’ को अनिवार्य कर सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नई पीढ़ी में राष्ट्र सर्वोपरि की भावना विकसित करना उसकी प्राथमिकता है.