Iranian actress Mandana Karimi: लगभग 16 वर्ष भारत में रहने के बाद ईरानी अभिनेत्री मंदाना करीमी ने देश छोड़ने का फैसला ले लिया है. सोशल मीडिया पर उनके इस अचानक फैसले की खबर सामने आते ही उनके प्रशंसक हैरान रह गए. मंदाना ने इंस्टाग्राम पर ‘आस्क मी एनीथिंग’ सेशन के दौरान एयरपोर्ट से एक वीडियो पोस्ट करते हुए खुद को भारत से अलविदा कहा. उन्होंने इसे अपने जीवन का सबसे कठिन फैसला बताया. अभिनेत्री ने कहा कि भारत उनके लिए दूसरा घर बन चुका था, लेकिन अब वह एक नई शुरुआत की ओर जा रही हैं. उन्होंने फिलहाल यह नहीं बताया कि वहां कहां जाएंगी. बता दें कि मंदाना को ईरान ने बैन किया हुआ, खुमैनी रिजीम की आलाचनों के कारण करीमी को लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है.
सुरक्षा को लेकर उठाया कदम
मंदाना करीमी ने पहले भी संकेत दिए थे कि वह भारत छोड़ सकती हैं. इस साल एक इंटरव्यू में उन्होंने खुलासा किया था कि सुरक्षा कारणों से उन्हें यह फैसला लेना पड़ रहा है. ईरान के मुद्दों पर खुलकर बोलने और वहां की व्यवस्था की आलोचना करने के कारण उन्हें लगातार धमकियां मिलती रहीं. उन्होंने बताया कि कई सालों से ईरान और अपने लोगों के समर्थन में आवाज उठाती रही हैं. मंदाना ने स्वीकार किया कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिलती रही हैं. जब उनसे सीधे पूछा गया कि क्या मौत की धमकियां आईं, तो उनका जवाब था- “हमेशा.”
‘अब भारत घर जैसा नहीं लगता’
अभिनेत्री ने कहा कि इस पूरे संघर्ष के दौरान उन्हें न तो दोस्तों का, न सरकार का और न ही मीडिया का वो साथ मिला जिसकी उन्हें उम्मीद थी. यही वजह है कि अब भारत उन्हें पहले जैसा सहज और घर जैसा महसूस नहीं होता.
मंदाना ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने जो कुछ भी किया, वह अपने देश और अपने लोगों के लिए किया. अगर दोबारा मौका मिले तो वह बिना किसी समर्थन के भी वही रास्ता चुनेंगी. उनके इस फैसले पर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है और कई लोग भावुक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.