नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें वे ब्रह्मा, विष्णु, महेश और अन्य हिंदू देवी-देवताओं को भगवान नहीं मानने तथा उनकी पूजा न करने की शपथ लेते नजर आ रहे हैं. इस वीडियो के बाद अटकलें तेज हो गईं कि उन्होंने हिंदू धर्म त्याग दिया है और बौद्ध धर्म अपना लिया है.
इन अफवाहों को खारिज करते हुए भाटी ने साफ कहा कि वे हिंदू हैं और हिंदू धर्म छोड़ने का उनका कोई इरादा नहीं है. उन्होंने कहा कि झूठ फैलाया जा रहा है. राजकुमार भाटी ने बताया कि 20 अक्टूबर को दिल्ली के रानी झांसी मार्ग स्थित अंबेडकर भवन में भारतीय बौद्ध महासभा के कार्यक्रम में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे.
एक सच्चे समाजवादी के नाते वे हर धर्म, जाति और समुदाय का सम्मान करते हैं. उन्होंने कहा कि सिख भाई बुलाते हैं तो गुरुद्वारे में गुरु ग्रंथ साहिब को मत्था टेकने जाते हैं, मुस्लिम भाई बुलाते हैं तो उनकी मजलिस में शामिल होते हैं और हिंदू त्योहारों में भी भाग लेते हैं. भाटी ने आगे कहा कि बौद्ध धर्म और गौतम बुद्ध की शिक्षाओं के प्रति मेरा विशेष आकर्षण है.
बाबा साहब के विचारों का भी मुझ पर गहरा प्रभाव है. लेकिन बीजेपी आईटी सेल और कुछ कट्टरवादी लोग दुष्प्रचार कर रहे हैं कि मैंने धर्म परिवर्तन कर लिया है. मेरा धर्म परिवर्तन का न तो कोई इरादा है और न ही जरूरत. हम किसी भी धर्म में रहकर मानवता की सेवा कर सकते हैं और भेदभाव, छुआछूत, घृणा तथा अंधविश्वास के खिलाफ आवाज उठा सकते हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि भाजपा आईटी सेल के दुष्प्रचार में न फंसें. उन्होंने ‘जय भीम’ और ‘नमो बुद्धाय’ कहकर अपना संदेश समाप्त किया.