नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें अभी कम होती नजर नहीं आ रही हैं. बुधवार को दिल्ली की स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) कोर्ट ने दोनों की न्यायिक हिरासत बढ़ाने या राहत देने के मामले में अपना आदेश सुरक्षित रख लिया है.
दिल्ली पुलिस ने अदालत में दोनों की हिरासत को तीन दिन और बढ़ाने की मांग की थी. सुनवाई के दौरान सौरव दास और आशुतोष रांका को SEM के सामने पेश किया गया. उनकी ओर से जमानतदारों से जुड़े दस्तावेज भी जमा किए गए. अब अदालत के अंतिम आदेश से तय होगा कि दोनों की न्यायिक हिरासत आगे बढ़ेगी या उन्हें रिहाई मिलती है.
गौरतलब है कि दोनों नेताओं को 14 अक्टूबर को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. उन पर आरोप है कि उन्होंने जंतर-मंतर के डी-नोटिफाइड प्रदर्शन स्थल में जबरन प्रवेश किया और शांति बनाए रखने के लिए दिए गए बांड का उल्लंघन किया.
19 अक्टूबर को SEM कोर्ट ने उनकी हिरासत दो दिन और बढ़ा दी थी, जो आज बुधवार को खत्म होने वाली थी. इससे पहले हाईकोर्ट में भी दोनों ने हिरासत बढ़ाने के आदेश को चुनौती दी थी, लेकिन बाद में याचिका वापस ले ली गई. अब SEM कोर्ट का फैसला ही तय करेगा कि सौरभ और आशुतोष तिहाड़ जेल से कब बाहर आ पाएंगे.