लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा में 'विकसित भारत, विकसित यूपी विजन डॉक्यूमेंट 2047' पर चली लंबी चर्चा के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) की विधायक पूजा पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर सराहना की. उन्होंने सीएम की जीरो टॉलरेंस नीति को सराहते हुए कहा कि इसने न केवल उन्हें, बल्कि कई अन्य महिलाओं को भी न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
सदन को संबोधित करते हुए पूजा पाल ने भावुक अंदाज में कहा कि मेरे पति की हत्या के बाद मैंने हर दरवाजा खटखटाया, लेकिन मेरी आवाज अनसुनी रही. उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरी पुकार सुनी और मुझे इंसाफ दिलाया. उन्होंने आगे कहा कि सीएम की जीरो टॉलरेंस नीति के चलते अतीक अहमद जैसे अपराधी मिट्टी में मिल गए. आज पूरे प्रदेश की जनता योगी जी की ओर विश्वास के साथ देखती है.
पूजा पाल ने अपने संबोधन में यह भी बताया कि उन्होंने अतीक अहमद जैसे ताकतवर अपराधियों के खिलाफ आवाज उठाई, तब उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा. उन्होंने आगे कहा कि जब मैं इस लड़ाई में थकने लगी थी, तब योगी जी ने न केवल मेरी मदद की, बल्कि प्रयागराज जैसे क्षेत्रों में अपराध पर लगाम लगाने के लिए कड़े कदम उठाए. उनकी नीतियों ने कई महिलाओं को नया जीवन दिया.
इस दौरान पूजा पाल ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी नीतियों ने प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ सख्ती बरतने का माहौल बनाया है. उनके इस बयान ने सदन में सभी का ध्यान खींचा, क्योंकि एक विपक्षी विधायक का सत्ताधारी मुख्यमंत्री की इतनी खुलकर तारीफ करना असामान्य माना जा रहा है.
'विकसित यूपी 2047' पर चर्चा के दौरान इस बयान ने न केवल सियासी हलकों में हलचल मचाई, बल्कि यह भी संकेत दिया कि अपराध के खिलाफ योगी सरकार की नीतियों को विपक्ष के कुछ नेता भी सराह रहे हैं. पूजा पाल का यह बयान आने वाले दिनों में और चर्चा का विषय बन सकता है.